Rahul Fazilpuria: 'कर गई चुल' से हुए फेमस, विवादों में भी फंसे फाजिलपुरिया, एल्विश यादव के भी करीबी

Haryanvi Singer Rahul Fazilpuria: हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया ने बॉलीवुड में कई हिट गाने दिए हैं। म्यूजिक इंडस्ट्री में काम करने के साथ ही वह लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। पढ़ें फाजिलपुरिया की पूरी कहानी...

Updated On 2025-07-16 10:52:00 IST

कौन हैं हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया?

Haryanvi Singer Rahul Fazilpuria: हरियाणा के रैपर-सिंगर राहुल फाजिलपुरिया इस समय काफी सुर्खियों में हैं। दरअसल सोमवार की शाम को कुछ अज्ञात हमलावरों ने रास्ते में फाजिलपुरिया के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में मुश्किल से उन्होंने अपनी जान बचाई। फाजिलपुरिया ने बताया कि जब वो गुरुग्राम से कहीं जा रहे थे, उसी दौरान एक दूसरी गाड़ी में आए हमलावरों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फाजिलपुरिया ने अपनी गाड़ी भागकर मुश्किल से अपनी जान बचाई।

इस घटना के बाद से ही सिंगर फाजिलपुरिया सोशल मीडिया पर हर जगह ट्रेंड कर रहे हैं। बता दें कि राहुल फाजिलपुरिया वही सिंगर हैं, जिन्होंने बॉलीवुड का हिट सॉन्ग 'लड़की कर गई चुल' गाया था। इसके अलावा राहुल ने बॉलीवुड में कई हिट गाने दिए हैं। हालांकि कुछ विवादों में भी सिंगर का नाम सामने आया था।

कौन हैं सिंगर राहुल फाजिलपुरिया?

हरियाणवी सिंगर और रैपर फाजिलपुरिया का असली नाम राहुल यादव है। वह हरियाणा के एक छोटे से गांव फाजिलपुर झरसा के रहने वाले हैं। म्यूजिक इंडस्ट्री में आने के लिए उन्होंने अपना नाम फाजिलपुरिया रखा लिया। उनके परिवार का फैमिली बिजनेस था, लेकिन उन्हें बचपन से ही गाने का शौक था। इसलिए राहुल ने बिजनेस ज्वाइन नहीं किया। उन्होंने स्कूल की पढ़ाई पूरी होने के बाद सिंगिंग इंडस्ट्री में उतर गए। बॉलीवुड का फेमस गाना 'लड़की कर गई चुल' फाजिलपुरिया का ही गाना है। हालांकि यह गाना सिद्धार्थ मल्होत्रा और आलिया भट्ट की फिल्म 'कपूर एंड सन्स' में इस्तेमाल किया गया। इसके बाद से ही फाजिलपुरिया का नाम पॉपुलर हो गया। अभी के समय वह लग्जरी लाइफ जीते हैं। फाजिलपुरिया को अक्सर महंगी गाड़ियों में घूमते हुए देखा जाता है।

बॉलीवुड में दिए कई हिट गाने

सिगंर राहुल फाजिलपुरिया ने बॉलीवुड में कई हिट गाने दिए हैं। इनमें 'कर गई चुल' के अलावा पल्लो लटके, छोरी मार डालेगी, बिल्ली बिल्ली, लाला लाला लोरी, जिम्मी चू, टू मेनी गर्ल्स, बालम का सिस्टम जैसे गाने शामिल हैं। इसके अलावा फाजिलपुरिया के कई हरियाणवी गाने भी काफी फेमस हैं।

एल्विश यादव के साथ वेनम केस में आया नाम

सिंगर राहुल फाजिलपुरिया हरियाणा के फेमस यूट्यूबर एल्विश यादव के भी करीबी हैं। वे दोनों काफी अच्छे दोस्त हैं। फाजिलपुरिया को भी एल्विश यादव के साथ वेनम केस में आरोपी बनाया गया। पिछले साल गुरुग्राम पुलिस ने एल्विश और फाजिलपुरिया के खिलाफ एक म्यूजिक वीडियो में सांप और कथित तौर पर 32 बोर की पिस्टल का इस्तेमाल करने के आरोप में केस दर्ज किया था। नवंबर, 2023 में बिग बॉस OTT के विनर एल्विश यादव पर रेव पार्टी में सांप का जहर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था। उस दौरान एल्विश ने दावा किया था फाजिलपुरिया ने सांपों के इंतजाम किया था। हालांकि फाजिलपुरिया ने रेव पार्टी में अपनी संलिप्तता से इनकार कर दिया था। उन्होंने बताया कि प्रोडक्शन टीम ने वीडियो शूट के लिए सांपों की व्यवस्था की थी।

ED ने जब्त की थी संपत्ति

मनी लॉन्ड्रिंग और रेव पार्टियों से जुड़े आरोपों के मामले में ED ने भी फाजिलपुरिया और एल्विश यादव से पूछताछ की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोएडा पुलिस द्वारा दर्ज किए वेनम केस के मामले में ED ने एल्विश और फाजिलपुरिया की 58 लाख रुपए से ज्यादा की प्रॉपर्टी जब्त कर ली थी। इस मामले में रेव पार्टियों में सांप के जहर के इस्तेमाल के आरोप लगाया गया था। 17 मार्च, 2024 को राहुल फाजिलपुरिया को गिरफ्तार भी किया गया था, जिसके बाद उन्हें 14 दिनों की कस्टडी में भेजा गया था। हालांकि गिरफ्तारी के 5 दिन बाद ही उन्हें जमानत दे दी गई थी।

राजनीति में आजमा चुके किस्मत

म्यूजिक इंडस्ट्री में काम करने के साथ ही राहुल फाजिलपुरिया राजनीति में भी अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। साल 2024 में उन्होंने जननायक जनता पार्टी के टिकट पर गुरुग्राम से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

Tags:    

Similar News