पंचकूला में गृहमंत्री अमित शाह: बोले— अमेरिका से खराब गेहूं मंगाने वाला देश अब हरियाणा-पंजाब की बदौलत बना 'अन्नदाता'
ताऊ देवी लाल स्टेडियम में 5061 पुलिस जवानों की पासिंग आउट परेड के दौरान शाह ने बेटियों के नेतृत्व की सराहना की। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी वर्ष की शुरुआत से पहले उन्हें याद किया।
पंचकूला में लोगों को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री अमित शाह व पासिंग आउट परेड में शामिल पुलिसकर्मी।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बुधवार को हरियाणा के पंचकूला पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य को विकास और सुरक्षा की नई दिशा दी। शाह ने अपने दौरे की शुरुआत इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित 'सहकारी सम्मेलन' से की, जिसके बाद वे ताऊ देवी लाल स्टेडियम में हरियाणा पुलिस के 5061 जवानों की पासिंग आउट परेड में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने न केवल प्रदेश के अन्नदाताओं की सराहना की, बल्कि पुलिस बल में शामिल हुए युवाओं को आधुनिक भारत का रक्षक बताया।
खाद्य सुरक्षा में हरियाणा-पंजाब का अहम योगदान
सहकारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि हरियाणा 'गीता और हरि की भूमि' है। उन्होंने इतिहास को याद करते हुए भावुक स्वर में कहा कि एक समय था जब भारत को अमेरिका से अपनी भूख मिटाने के लिए 'लाल गेहूं' का आयात करना पड़ता था। लेकिन आज हरियाणा और पंजाब के परिश्रमी किसानों ने देश की तस्वीर बदल दी है। आज भारत न केवल आत्मनिर्भर है, बल्कि पूरी दुनिया का पेट भरने में सक्षम है। उन्होंने खेलों और दूध उत्पादन में भी हरियाणा के अव्वल रहने की जमकर तारीफ की।
पुलिस परेड में बेटियों का दबदबा और 'पढ़ा-लिखा' बैच
ताऊ देवी लाल स्टेडियम में जब 5061 जवानों ने कदमताल की, तो नजारा देखने लायक था। इस परेड का नेतृत्व जींद की निशु और हांसी के मंजीत चहल ने किया। शाह ने विशेष रूप से महिला शक्ति की सराहना करते हुए कहा कि जब बेटियां सुरक्षा की पहली पंक्ति में खड़ी होती हैं, तो पूरे देश में एक सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने इस बैच की विशेषताओं को रेखांकित करते हुए बताया कि इस बैच के 85% युवा ग्रेजुएट या पोस्ट-ग्रेजुएट हैं। जवानों की औसत आयु मात्र 26 वर्ष है। यह पहला ऐसा बैच है जो देश के नए आपराधिक कानूनों की ट्रेनिंग लेकर फील्ड में उतर रहा है। शाह ने मुख्यमंत्री नायब सैनी की तारीफ करते हुए कहा कि आज हरियाणा में योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं, जो पारदर्शी शासन का प्रतीक है।
ड्राइवरों को मिलेगा सीधा मुनाफा
सहकारिता के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम की घोषणा कर अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार जल्द ही 'भारत टैक्सी' सेवा शुरू करने जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कई निजी कंपनियां टैक्सी सेक्टर में सक्रिय हैं, लेकिन 'भारत टैक्सी' के जरिए होने वाला पूरा मुनाफा सीधे वाहन चालकों (ड्राइवरों) की जेब में जाएगा। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और ग्राहकों को भी सस्ती व सुरक्षित सुविधा मिलेगी। यह सेवा अगले एक महीने के भीतर शुरू होने की उम्मीद है।
मजदूरी कर मां ने बनाया पुलिस अफसर
परेड कमांडर निशु की कहानी ने सभी को भावुक कर दिया। 7 साल पहले पिता को खोने वाली निशु की मां बीना देवी ने खेतों में मजदूरी और सिलाई करके अपनी बेटी के सपनों को पंख दिए। निशु ने 39 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण में 15 अलग-अलग गतिविधियों में टॉप किया। निशु ने कहा कि परेड का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व का क्षण है क्योंकि उनकी मां दर्शक दीर्घा में बैठकर यह गौरवपूर्ण पल देख रही थीं।
नशे के खिलाफ 'ब्रैंड एंबेसडर' बनेंगे जवान : मुख्यमंत्री सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समारोह में घोषणा की कि प्रदेश में जल्द ही 6000 नए पुलिस जवानों की भर्ती की जाएगी, जिनमें 1000 महिला पुलिसकर्मी शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण में अब तकनीकी और वैज्ञानिक पद्धतियों पर जोर दिया जा रहा है। सीएम ने भरोसा जताया कि पासिंग आउट परेड के ये जवान समाज में नशे के खिलाफ ब्रैंड एंबेसडर के रूप में काम करेंगे और 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत अपराध का खात्मा करेंगे।
अटल जी की प्रतिमा का अनावरण किया
अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि कल उनकी जन्मशताब्दी वर्ष की शुरुआत है। उन्होंने पंचकूला में अटल जी की प्रतिमा के अनावरण की घोषणा की। साथ ही, नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को आगाह किया कि उनके कंधों पर आंतरिक सुरक्षा की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज गवाही के लिए तकनीक का सहारा लेना अनिवार्य है ताकि अपराधी बच न सकें।
विकसित हरियाणा का विजन
गृहमंत्री का यह दौरा हरियाणा के लिए बहुआयामी रहा। एक ओर जहां उन्होंने सहकारिता के माध्यम से किसानों और महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने का वादा किया, वहीं दूसरी ओर एक शिक्षित और दक्ष पुलिस बल को राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।