पानीपत में दहेज उत्पीड़न: दुधमुंही बच्ची के साथ मां को किया बेघर, मोटरसाइकिल के बाद बाप की जमीन बेचकर मांगी कार
Dowry Case in Panipat: हरियाणा के पानीपत में एक महिला को उसकी दुधमुंही बच्ची के साथ ससुरालवालों ने घर से निकाल दिया। महिला ने पुलिस में मामला दर्ज करा दिया है।
Dowry Case in Panipat: हरियाणा के पानीपत में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने ससुराल में हुए बुरे बर्ताव करने, मां बेटी को कमरे में बंद करके भूखी रखने और मारपीट कर मां-बेटी को घर से निकालने का मामला दर्ज कराया है। इसराना थाना पुलिस ने एक बार काउंसलिंग भी की थी, लेकिन उससे बात नहीं बनी। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप
बता दें कि पानीपत के इसराना गांव में एक महिला ने थाने जाकर अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला द्वारा थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दी गई जिसमें उसने बताया कि उसके पति ने उसे और उसकी बेटी को कमरे में बंद कर दिया और भूखा रखा। महिला के साथ बहुत बुरा बर्ताव किया और मारपीट भी की। इसके बाद वो अपनी बेटी के साथ मायके वापस आ गई और उसने शिकायत दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें- सोनीपत के मुकुल दहिया ने रचा इतिहास: मुंबई के समुद्र में 12 किलोमीटर तक की स्वीमिंग, गांव के लोगों ने किया स्वागत
ससुराल पक्ष ने की बाइक की मांग
महिला ने बताया कि साल 2022 में उसकी शादी गांव सिंक में रहने वाले अजय के साथ हुई थी। कुछ दिन शादी ठीक तरह से चली। शादी के 26 दिन बाद महिला के पिता की मौत हो गई। कुछ दिन बाद उसका पति रोजाना शराब पीकर आने लगा। शराब पीने से रोकने पर मारपीट करने लगा और बाइक की मांग करने लगा। इसके बाद महिला ने अपने भाई से पैसे लेकर अपने पति को दे दिए।
बेटी होने के बावजूद नहीं आया तरस
कुछ महीने बाद उसकी सास और ननद ने भी मारपीट और गाली गलौज करना शुरू कर दिया। इस दौरान महिला को एक बैटी हुई। इसके बावजूद ससुराल वाले उसे भूखा रखते थे। उन लोगों ने बच्ची पर भी दया नहीं की और दोनों को भूखा रखते थे और दिन के समय कमरे में बंद करके चले जाते थे। एक दिन महिला की सास, ननद और उसके पति ने उसे पीटा और गाड़ी की मांग की।
महिला ने ऐतराज जताते हुए कहा कि उसके भाई की गाड़ी देने की स्थिति नहीं है। इस पर ससुराल पक्ष ने कहा कि पिता का देहांत हो गया है, तो अपने हिस्से की जमीन बेचकर उससे गाड़ी लेकर आओ।
कार देने की नहीं हैसियत
इसके बाद महिला के भाई को फोन कर उससे गाड़ी की मांग की। भाई ने कहा कि वो गरीब है और उसकी गाड़ी देने की हैसियत नहीं है। इससे नाराज होकर ससुराल पक्ष ने महिला से उसके जेवर छीन लिए और उसे उसकी बेटी समेत घर से निकाल दिया। इसके बाद महिला अपनी बेटी को लेकर भाई के साथ मायके चली गई।
काउंसलिंग से नहीं बनी बात, मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को बुलाकर काउंसिलिंग करवाई, लेकिन इससे कोई बात नहीं बनी। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी।