Soldier Murder: पलवल में फौजी के सिर में गोली मारकर हत्या, 4 आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ FIR दर्ज
Palwal Soldier Murder Case: पलवल में 4 आरोपियों समेत कुछ दूसरे लोगों ने फौजी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस इस मामले में शामिल फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पलवल में फौजी की गोली मारकर हत्या।
Palwal Soldier Murder Case: पलवल में एक अग्निवीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक साल 2024 में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुआ था। मृतक के परिजनों ने इस मामले में गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि इस मामले में शामिल सभी आरोपी अब तक फरार है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 20 साल के बलदेव के तौर पर हुई है। पूरा मामला मांदकौल गांव का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बदलदेव 3 दिन की छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था।
बीती देर रात 20 अगस्त को बलदेव अपने गांव के खेतों में स्थित पुराने मकान में था। उस दौरान बंशी, अरुण, नरेश, राजेंद्र और कुछ दूसरे लोगों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बलदेव के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों को जब मामले के बारे में पता लगा तो तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता ने क्या बताया ?
मृतक के पिता खेमचंद ने पुलिस को बताया कि 16 जुलाई को आरोपियों ने उनके भाई बिशन शर्मा पर भी हमला कर दिया था। इस मामले की शिकायत गदपुरी थाने में करवाई गई थी। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास के तहत केस दर्ज किया था। आरोपी इस केस को वापस लेने के लिए पीड़ित पक्ष पर लगातार दबाव बना रहे थे।
खेमचंद ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। उन्होंने इस मामले को लेकर बघौला पुलिस चौकी में कई बार शिकायत भी की थी। आरोपियों ने ड्यूटी के दौरान भी बलदेव को फोन करके जान से मारने की धमकी दी थी।
आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
गदपुरी थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। प्रभारी अश्वनी कुमार के मुताबिक सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है, सभी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।