मौतें: नूंह नहर में डूबा नवविवाहित जोड़ा, हिसार के होटल में मिला जोमैटो ब्वॉय का शव

दंपती की गुड़गांव नहर में डूबने से मौत हो गई, दोनों शाम के समय टहलने गए थे। पत्नी का पैर फिसलने पर वह नहर में जा गिरी। उसे बचाने के लिए पति ने भी पानी में छलांग लगा दी।

Updated On 2026-02-06 18:06:00 IST

हरियाणा के दो अलग-अलग जिलों में तीन लोगों की मौत हो गई। नूंह में जहां नवविवाहित जोड़े की नहर में डूबने से मौत हो गई, वहीं हिसार में एक डिलीवरी ब्वॉय का शव होटल के कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई है।

पत्नी को बचाने की कोशिश में पति ने भी गंवाई जान

हरियाणा के नूंह जिले के जयसिंहपुर गांव में गुरुवार की शाम मातम में बदल गई। यहां गुड़गांव नहर के पास टहलने निकला एक नवविवाहित जोड़ा हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के मुताबिक, जयसिंहपुर निवासी सादिक और उनकी पत्नी हंसीरा शाम के समय नहर के किनारे घूम रहे थे। तभी अचानक हंसीरा का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे नहर के गहरे पानी में जा गिरी।

तेज बहाव बना काल

अपनी पत्नी को आंखों के सामने डूबता देख सादिक ने उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। हालांकि नहर में पानी का प्रवाह इतना तीव्र था कि सादिक अपनी पत्नी को बाहर निकालने में नाकाम रहा और खुद भी लहरों के साथ बह गया। शोर सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचित किया।

गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाले गए

जयसिंहपुर चौकी के प्रभारी महेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करवाया। महज 4-5 महीने पहले ही दोनों का निकाह हुआ था, इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस ने हंसीरा के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

होटल के बंद कमरे में मिला डिलीवरी ब्वॉय का शव

दूसरी ओर, हिसार जिले के रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में रहस्यमयी परिस्थितियों में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान उम्मीद विहार कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय विजय के रूप में हुई है। विजय जोमैटो में डिलीवरी पार्टनर के तौर पर काम करता था और पिछले 5-6 दिनों से इसी होटल में ठहरा हुआ था।

दरवाजा तोड़ा तो फर्श पर पड़ी थी लाश

घटना का खुलासा शुक्रवार को तब हुआ जब होटल के सफाई कर्मचारी ने विजय के कमरे का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज न आने और काफी देर तक हलचल न होने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को फोन किया। एचटीएम थाना पुलिस ने विजय के परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देख सब दंग रह गए। विजय का शव फर्श पर पड़ा हुआ था।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

प्रारंभिक जांच में विजय के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला उलझ गया है। पुलिस इसे सामान्य मौत नहीं मान रही है और सभी संभावित एंगल्स से जांच कर रही है। होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि इन 5 दिनों में विजय से मिलने कौन-कौन आया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि विजय की मौत सिर में लगी चोट की वजह से हुई या इसके पीछे कोई और साजिश है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

Tags:    

Similar News

गुरुग्राम में पहचान छिपाकर हिंदू युवती से की शादी: आरव बनकर फंसाया, दुबई में बेचने की रची साजिश