नूंह में दलित उत्पीड़न पर बोले कृष्ण बेदी: हर काल खंड में जाति का भेद लेकर पैदा हुए हैं ऐसे नेचर के व्यक्ति

देश में दलित उत्पीड़न पहले से कम हुआ है। ऐसे नेचर के व्यक्ति हर काल खंड में पैदा हुए हैं, जिनके दिमाग में जाति व धर्म का भेदभाव भरा होता है। मेवात में पिछड़ापन पूर्व की सरकार की भेदभावपूर्ण नीति का प्रमाण है।

Updated On 2025-10-09 18:07:00 IST

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी। 

हरियाणा के नूंह में 14 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के लिए नूंह पहुंचे प्रदेश सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने दलित उत्पीड़न पर कहा कि पिछले करीब एक दशक में इन मामलों में कमी आई है। हरकाल खंड में ऐसे नेचर के व्यक्ति पैदा हुए हैं, जिनके दिल व दिमाग में जाति व धर्म के भेदभाव की बातें भरी होती हैं। उन्होंने यूपी सहित देश में दलितों पर बढ़ते अत्याचारों पर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि नूंह की अनाज मंडी में वाल्मीकि जयंती पर होने वाली रैली में स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आएंगे तथा यहां आने की उनकी व्यक्ति इच्छा थी।

एक दिन या एक सरकार के समय नहीं हुआ

प्रदेश सरकार के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में मेवात के विकास के लिए जितना संभव था, उससे अधिक करने का प्रयास किया है। अंत्योदय की भावना पर चलते हुए भाजपा ने प्रदेश में एक समान विकास किया है। जहां तक लोगों के पिछड़ेपन की जहां तक बात है, यह एक दिन में या एक सरकार के कार्यकाल में नहीं निकला या एक मुख्यमंत्री के कार्यकाल में पीछे नहीं रह गया। ऐसी बात नहीं है, लेकिन पिछले सरकारों ने लोगों का शोषण किया। वोट की राजनीति की।

वाटर लॉगिंग व पानी किल्लत पूर्व सरकार की भेदभावपूर्ण नीतियों का परिणाम

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि जब मैं इस जिले में करीब ढाई ग्रीवेंस का अध्यक्ष था तो पीने के पानी, सिंचाई, स्वास्थ्य सहित समस्याएं सामने आई थी। उनका निपटान करने की पूरी कोशिश की गई। उन्होंने स्थानीय विधायक पर भी कहा कि उन्होंने पानी की किल्लत नूँह में बताई थी, लेकिन सिरसा जिले का एक विधायक अपने यहां वॉटर लॉगिंग बता रहा था और हजारों एकड़ फसल खराब बता रहा था। मैंने उस समय कहा था कि आपकी जब सरकार थी, जब नहरों का मुंह सिरसा की तरफ मोड़ दिया। ओवरफ्लो पानी ले गए। जिससे सिरसा जिले में वॉटर लॉगिंग पैदा कर दी, जिससे फसल नहीं होती। पानी का बंटवारा उस समय ठीक होता तो मेवात जिले में यह हालत नहीं होते। मेरे जवाब से नेताजी पूरी तरह से तिलमिला गए। मनोहर लाल जी ने पीने के पानी का सही बटवारा किया। हर गांव में बिजली पहुंचाई। मेरिट के आधार पर लोगों को नौकरी दी गई। ऑनलाइन पॉलिसी के तहत अधिकारियों - कर्मचारियों की कमी न हो, यह व्यवस्था भी हमने खड़ी करी। भव्य कार्यक्रम में भव्य सौगात नूंह जिले को मिलेगी।

दुनिया के किसी भी कोने में हो सकती हैं ऐसी घटनाए

यूपी व देश में दलितों पर बढ़ते अत्याचारों को नकारते हुए मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि इसी धरती पर सभी तरह के लोग पैदा हुए हैं। इसी धरती पर कौरव - पांडव, कृष्ण और कंश पैदा हुए हैं। हर युग में हर नेचर का व्यक्ति रहा है, जो ऐसी मानसिकता के लोग हैं। जिनके दिलों दिमाग में इस प्रकार की जाति व भेद घुसे हुए हैं। उनको दलित मिलेगा या कोई भी मिलेगा तो इसी तरह की घटना उसके साथ करेंगे। कमजोर को, लाचार को प्रताड़ित करने से उन्हें खुशी मिलती है। उनकी यह मानसिकता है, समरसता नहीं आ रही है। लेकिन उन्होंने कहा कि मैं आपका विश्वास दिलाता हूं घटना कहीं पर घट सकती है परंतु पहली बार देश में एक ऐसी सरकार है, जो देश के भीतर भी ख्याल रखती है और देश की सीमा का भी ख्याल रखती है। पहले पाकिस्तान के आतंकवादी पाकिस्तान की सीमा पार करके सूरत, अहमदाबाद, बड़ौदा, मुंबई, दिल्ली इत्यादि में वारदात करके वापस चले जाते थे। दलितों के खिलाफ जो गलत व्यवहार रखते हैं, सरकार उनका अच्छा इलाज कर रही है।

देश व समाज को बनाने में सभी का सहयोग

यह समाज सभी का है, इस देश और इस समाज को बनाने में सभी का सहयोग रहा है। कमजोर, लाचार पर कोई ज्यादती करेगा तो उसकी सरकार सजा देने का काम करेगी। कृष्ण बेदी ने कहा कि सीजेआई के ऊपर जो हमला हुआ है, जब परतें हैं खुलेंगी तो पता चलेगा किसका व्यक्ति निकलेगा। उस समय विपक्ष को मुंह छुपाना पड़ेगा। गलत मानसिकता के लोग कहीं भी हो सकते हैं। किसी भी क्षेत्र में हो सकते हैं और दुनिया के किसी भी कोने में हो सकते हैं। विदेश में भी इस तरह की घटनाएं घटती हैं। मानसिकता है एक 13 साल का बच्चा स्कूल में घुसकर कई - कई हत्याएं कर देता हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष बिना वजह के मुद्दे और बिना मुद्दे के विपक्ष, नेता विहीन विपक्ष, नेतृत्वहीन विपक्ष, नियतहीन विपक्ष है। आज कांग्रेस की गिद्द जैसी हालत है।

भगवान वाल्मीकि की रामायण ने दिया मानवता का संदेश

सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सृष्टि रचयिता, पहला श्लोक सृष्टि का निकला और करोड़ों साल पहले एक ऐसा संदेश पूरी मानव जाति के लिए दिया सामाजिकता का भाव हो, व्यक्ति का आचार - व्यवहार किस प्रकार का है। यह सारी प्रेरणा भगवान वाल्मिकी जी महाराज की रामायण से मिलती है। प्रकाश उत्सव में मुख्यमंत्री सुबह पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि मेरा विभाग इसका प्रचार प्रसार कर रहा है तथा मैं ही कार्यक्रम की अध्यक्षता करूंगा। मुख्यमंत्री ने स्वयं नूंह आने की इच्छा व्यक्त की थी। 


अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News