Haryana Nikay Chunav: आरक्षण को लेकर पंचकूला में बैठक आज, 8 मेयर पदों के लिए होगा ड्रॉ, जानें कब होंगे चुनाव

हरियाणा में नगर निगम और निकायों के चुनाव होने वाले हैं। इसको लेकर आज हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय विभाग के पंचकूला मुख्यालय में बैठक होगी। इसमें 22 जिलों के अधिकारी शामिल होंगे। 

Updated On 2024-12-26 11:37:00 IST
हरियाणा निकाय चुनाव।

Haryana Nikay Chunav: हरियाणा की 8 नगर निगमों समेत 34 निकायों में चुनाव होने वाले हैं। इसको लेकर आज हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय विभाग के पंचकूला मुख्यालय में बैठक होगी। इस बैठक में 22 जिलों के अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान मेयर और प्रधान पद के लिए ड्रॉ आयोजित किया जाएगा। इन निकायों में चुनाव दो चरणों में होंगे। चुनावी तैयारियों की घोषणा के बाद से ही इच्छुक उम्मीदवार ड्रॉ का इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान महिला, एससी, बीसी और सामान्य पदों के लिए ड्रॉ किया जाएगा। ड्रॉ के बाद ही तय हो सकेगा कि किस नगर निगम या नगर पालिका में मेयर या प्रधान का पद किसके लिए आरक्षित होगा।  

कब होंगे नगर निगम के चुनाव

हरियाणा में फरवरी 2025 तक नगर निगम के चुनाव होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसको लेकर सरकार की तरफ से अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। वहीं बीते दिनों सरकार ने खर्च सीमा भी बढ़ा दी है। पहले मेयर पद के उम्मीदवार मात्र 25 लाख रुपए ही खर्च कर सकते थे। अब ये धनराशि पांच लाख बढ़ाकर 30 लाख कर दी गई है।

ये भी पढ़ें: गुरुग्राम मेट्रो का होगा विस्तार: सैनी सरकार का बड़ा तोहफा, 28 KM लंबी मेट्रो रेल लाइन पर बनेंगे 27 स्टेशन

वहीं पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार साढ़े सात लाख रुपए खर्च कर सकते हैं। वहीं नगर काउंसिल के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव खर्च सीमा चार लाख बढ़ाकर 20 लाख कर दी गई है। पहले ये धनराशि 16 लाख रुपए थी। काउंसिल के सदस्य पद के लिए साढ़े तीन लाख की जगह उम्मीदवार चार लाख रुपए खर्च कर सकते हैं। म्युनिसिपल कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए खर्च सीमा 10.50 लाख से बढ़ाकर 12.50 लाख रुपए कर दी गई है। 

दो चरणों में होंगे चुनाव

बता दें कि हरियाणा के आठ नगर निगमों में कुल 212 वार्ड हैं, इनमें से 74 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। वहीं 28 वार्ड अनुसूचित जाति और 17 वार्ड पिछड़ा वर्ग-ए के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा 11 वार्ड बीसी-बी के लिए आरक्षित किए गए हैं। इस मामले को लेकर चुनाव आयुक्त धनपत सिंह का कहना है कि इस बार निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे।

पहले चरण में फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर में नगर निगम चुनाव होंगे। इसके अलावा तीन नगर पालिकाओं और 21 पालिकाओं के आम चुनाव भी पहले चरण में होंगे। दूसरे चरण में बाकी के पांच नगर निगमों पानीपत, रोहतक, करनाल, हिसार और यमुनानगर के साथ ही थानेसर नगर परिषद और अन्य पालिकाओं के चुनाव मार्च और अप्रैल के बीच कराए जाएंगे। 

ये भी पढ़ें: एमएसपी को लेकर बोले भूपेंद्र हुड्डा: भाजपा सरकार किसानों को कर रही गुमराह, नहीं मिल रही धान की कीमत 

Similar News