अटेली के पूर्व विधायक नरेश यादव का निधन: पेट में इन्फेक्शन के चलते गुरुग्राम में चल रहा था इलाज, पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार
अटेली के पूर्व विधायक नरेश यादव ने 61 साल की उम्र में अंतिम सांस ली, राजनीतिक जीवन में 5 बार विधानसभा और 1 बार लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं।
Naresh Yadav former Atali MLA: हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की अटेली विधानसभा सीट से पूर्व विधायक नरेश यादव का मंगलवार, 5 नवंबर को निधन हो गया। 61 साल के नरेश यादव पेट में इन्फेक्शन की समस्या से जूझ रहे थे और उनका इलाज गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। इस दौरान आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
नरेश यादव का अंतिम संस्कार आज दोपहर 2 बजे उनके पैतृक गांव राताकलां में किया गया। पूर्व विधायक के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उनके करीबी दोस्त राकेश प्रधान ने यह जानकारी दी।
राजनीतिक सफर: 2005 में बने थे निर्दलीय विधायक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नरेश यादव का जन्म 1 फरवरी 1963 को हुआ था। उन्होंने 1991 में हरियाणा विकास पार्टी से महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से अपना पहला चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बाद में, 1996 में उन्होंने अटेली विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा। 2005 में, कांग्रेस के राव नरेंद्र सिंह को हराकर वे निर्दलीय विधायक बने। अपने जीवन में उन्होंने 5 बार विधानसभा और 1 बार लोकसभा चुनाव लड़ा।
हाल के चुनावों में बसपा और इनेलो प्रत्याशियों का समर्थन किया
हाल के सालों में नरेश यादव कांग्रेस के सदस्य थे, लेकिन 2024 के चुनाव में उन्होंने खुद चुनाव न लड़कर भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राव दान सिंह का समर्थन किया। अटेली विधानसभा चुनाव में उन्होंने इनेलो-बसपा प्रत्याशी ठाकुर अत्तर लाल का साथ दिया। उनके साथियों एडवोकेट मुकेश कुमार और टीलू सरपंच ने बताया कि नरेश यादव कांग्रेसी नेता होते हुए भी अपने विचारों में स्वतंत्र थे और हमेशा अपने क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहे।
इसे भी पढ़ें: नशे में धुत परिचालक ने नहीं काटी यात्रियों की टिकट, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल