पंजाब-हरियाणा पानी विवाद: BBMB चेयरमैन मनोज त्रिपाठी को AAP कार्यकर्ताओं ने बनाया बंधक, CM भगवंत मान बोले-पानी छोड़ने का ऑर्डर नहीं

Punjab-Haryana Water Dispute: पंजाब और हरियाणा के बीच पानी विवाद के चलते BBMB के चेयरमैन मनोज त्रिपाठी को भाखड़ा डैम पर AAP कार्यकर्ताओं ने बंधक बना लिया और जमकर नारेबाजी की है। इस बीच सीएम भगवंत मान के साथ पंजाब के महाधिवक्ता एमएस बेदी मौके पर पुहंचे और मीडिया से बात की है।

By :  Desk
Updated On 2025-05-08 16:11:00 IST
पंजाब-हरियाणा पानी विवाद।

Punjab-Haryana Water Dispute: पंजाब और हरियाणा के बीच पानी विवाद का मामला लगातार गर्माता जा रहा है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी पंजाब ने हरियाणा को अतिरिक्त पानी नहीं दिया। इस कड़ी में आज हरियाणा को पानी देने के लिए भाखड़ा-ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के चेयरमैन मनोज त्रिपाठी आज भाखड़ा डैम पर आए थे। लेकिन उस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें बंधक बना लिया।  भाखड़ा डैम पर पानी छोड़ने के लिए कई घंटे तक घमासान मचा रहा। इसके बारे में पता लगते  ही पंजाब के सीएम  भगवंत मान भी भाखड़ा पर पहुंच गए।

हाईकोर्ट ने BBMB को लेकर क्या फैसला सुनाया ?

जानकारी के मुताबिक, पंजाब और हरियाणा के बीच चल रहे पानी विवाद को लेकर बीते दिन यानी बुधवार को हाईकोर्ट ने फैसला सुनाया था कि पंजाब पुलिस और पंजाब सरकार BBMB के काम में किसी तरह की रूकावट पैदा नहीं कर सकती है। इस दौरान हाईकोर्ट की ओर से हरियाणा को पानी दिए जाने के संबंध में दो मई का फैसला लागू करने का निर्देश भी दिया था। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद ही BBMB के चेयरमैन मनोज त्रिपाठी आज भाखड़ा डैम पर आए थे। 

AAP कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की

मनोज त्रिपाठी जब भाखड़ा डैम पर पहुंचे तो AAP कार्यकर्ताओं ने BBMB के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी थी। इतना हीं नहीं AAP कार्यकर्ताओं ने चेयरमैन को सतलुज विश्राम गृह के कमरे में बंधक बना लिया था। इस दौरान पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस और बरिंदर गोयल वहां पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। इसके बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाखड़ा डैम के कंट्रोल रूम पर ताला लगा दिया। कईं घंटे तक कार्यकर्ताओं ने भाखड़ा डैम पर घमासान मचाकर रख दिया। इसके बाद डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर भारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और बीबीएमबी चेयरमैन को पुलिस सुरक्षा के बीच वहां से निकालकर चंडीगढ़ पहुंचाया।

पुलिस की बॉर्डर पर जरूरत- भगवंत मान

भाखड़ा डैम पर विवाद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ पंजाब के महाधिवक्ता एमएस बेदी भी आए थे। मीडिया से बात करते हुए  CM भगवंत मानने कहा कि इस समय देश किस माहौल से गुजर रहा है, लेकिन यह लोग मुसीबत में भी मौका तलाश रहे हैं। यह पाकिस्तान को फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। आज पुलिस की जरूरत बॉर्डर पर है, लेकिन हमें यहां लगानी पड़ रही है। इसलिए हम एजी साहिब को लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी कहती है कि इस समय लोगों का ध्यान बमों की तरफ है, ऐसे में यह एक्शन कर दो।

Also Read: ऑपरेशन सिंदूर की कृष्ण लाल पंवार ने की सराहना, बोले-भारतीय सेना ने ईंट का जवाब पत्थर से दिया

हाईकोर्ट के आदेश में पानी देने का जिक्र नहीं- भगवंत मान

भगवंत मान ने यह भी कहा कि देश अभी मुसीबत में है, लेकिन भाजपा मुसीबत में मौका तलाशते हुए बिना किसी सूचना के BBMB चेयरमैन और अधिकारियों को यहां भेज दिया और उन्होंने कंट्रोल रूम पहुंचकर हरियाणा का गेट खोलने का प्रयास किया है। भगवंत मान ने यह भी कहा कि हाईकोर्ट के आदेश में कहीं भी ऐसा नहीं है कि पानी दे। मीटिंग के बाद प्रेस नोट जारी किया गया कि हरियाणा की 4500 क्यूसिक अतिरिक्त पानी छोड़ने पर विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि यह ऑर्डर नहीं है, बल्कि प्रेस रिलीज है। इस बारे में चेयरमैन से पूछा गया तो उनके पास कोई जवाब नहीं था। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार हाईकोर्ट के फैसले पर मंथन कर रही है। बहुत जल्द इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी जाएगी।

Also Read: हिसारवासियों की 58 साल पुरानी मांग हुई पूरी, गुरुग्राम और चंडीगढ़ के लिए दो नई ट्रेनें शुरू

(Edited by: Usha Parewa)

Similar News