हिसारवासियों की 58 साल पुरानी मांग हुई पूरी: गुरुग्राम और चंडीगढ़ के लिए दो नई ट्रेनें शुरू, जानिए क्या रहेगा रूट और समय

Train Started Hisar to Chandigarh: हिसार के लोगों को रेलवे की तरफ से एक बड़ी सौगात मिली है। हिसार में रहने वाले लोगों को गुरुग्राम और चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों में जाने के लिए ट्रेन की सुविधा मिलेगी। इसे लेकर रेल मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली से जारी अधिसूचना के तहत हिसार को दो नई ट्रेनों की सुविधा दी गई है। ऐसा सामने आया है कि 1966 में हरियाणा के गठन के बाद से लोग काफी लंबे समय से गुरुग्राम और चंडीगढ़ से सीधी ट्रेन की सुविधा की मांग कर रहे थे। ट्रेन की सुविधा मिल जाने के बाद हिसार की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और इससे नौकरी, पढ़ाई और व्यापार के लिए आन-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
ट्रेन संचालन का क्या रहेगा समय ?
- रेल मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 64563-64 अंब-अंदोरा से अंबाला कैंट वाया चंडीगढ़ चलने वाली ट्रेन को अब फास्ट ट्रेन के रूप में हिसार के रायपुर स्टेशन तक बढ़ा दिया है। रेलवे के इस फैसले के बाद हिसार को पहली बार चंडीगढ़ से सीधा कनेक्टिवटी मिलेगी। यह ट्रेन अब अंब-अंदोरा से चलकर अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, जाखल, उकलाना और बरवाला होते हुए रात करीब 1 बजे रायपुर पहुंचेगी।
- ट्रेन संख्या 64563 रात 2.25 बजे रायपुर-हिसार से चलकर सुबह 7.20 बजे अंबाला कैंट और 12.40 बजे अंब अंदोरा पहुंचेगी। उन यात्रियों को इसका ज्यादा फायदा मिलेगा जो चंडीगढ़ से हिसार आने-जाने के लिए बसों का सहारा लेते थे या दिल्ली होकर सफर करते थे।
- रेलवे की ओर से दिल्ली से रेवाड़ी के बीच वाया गुरुग्राम चलने वाली ट्रेन संख्या 54085 को फास्ट पैसेंजर ट्रेन के रूप में विस्तार देते हुए सातरोड तक चलाने का फैसला लिया है। यह ट्रेन दिल्ली से सुबह 7 बजे चलकर 9.40 बजे रेवाड़ी और दोपहर बाद 1.35 बजे सातरोड पहुंचेगी।
- ट्रेन संख्या 54086 सातरोड से दोपहर बाद 2.10 बजे चलकर शाम 5.30 बजे रेवाड़ी और रात 9 बजे हिसार पहुंचेगी। यह ट्रेन रेवाड़ी से जाटुसाना, कोसली, झारली, चरखी दादरी, भिवानी, बवानी खेड़ा और हांसी होते हुए सातरोड पहुंचेगी। रेल मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक दोनों ही ट्रेनों के संचालन की तारीख के बारे में जल्द बता दिया जाएगा।
Also Read: हरियाणा-पंजाब विवाद पर High Court का बड़ा फैसला आज, बहस पूरी
58 साल बाद मांग हुई पूरी
सावित्री जिंदल ने इन दोनों ट्रेनों के संचालन को लेकर कहा कि वह रेल अधिकारियों के संपर्क में थीं। इनके संचालन से चंडीगढ़ और गुरुग्राम समेत अनेक शहरों से हिसार के लोगों के बेहतर कनेक्शन बनेंगे। इसकी वजह से रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी। हिसार के लोगों की 58 साल बाद यह मांग पूरी हुई है।
Also Read: CM सैनी ने NCR की 8 रैपिड रेल कॉरिडोर की समीक्षा की, दो प्रोजेक्ट पर फोकस
(Edited By: Usha Parewa)
