Mini Italy Village: हरियाणा के इस गांव को क्यों कहा जाता है मिनी इटली, जानें इसके पीछे की दिलचस्प कहानी
Mini Italy Village in Haryana: हरियाणा के कैथल के गांव को मिनी इटली कहा जाता है। यह गांव अपनी स्वच्छता और विकास के लिए काफी चर्चित है। आखिर इस गांव का नाम मिनी इटली क्यों और कैसे पड़ा,पढ़िये इसके बारे में...
हरियाणा के इस गांव को मिनी इटली कहा जाता है।
Mini Italy Village in Haryana: उत्तर भारत के मुख्य राज्यों के बारे में जब बात होती है तो हरियाणा का जिक्र करना कोई नहीं भूलता क्योंकि हरियाणा भारत का एक ऐसा राज्य है जो कृषि और खेलों के मामले में काफी आगे रहता है। हरियाणा की विविध संस्कृति और अनूठी परंपरा आज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। हरियाणा के कईं जिलें और गांव अपने धार्मिक स्थल, खानपान के लिए भी जाने जाते हैं। लेकिन हरियाणा का एक ऐसा गांव भी है, जिसे 'मिनी इटली' के नाम से जाना जाता है। आखिर हरियाणा के कौन से गांव को मिनी इटली कहा जाता है और क्यों? कैसे यह गांव आज एक मॉडल गांव के रूप में उभर रहा है,चलिए जानते हैं...
धरेड़ू स्वच्छता और विकास में आगे
हरियाणा के कैथल में स्थित धरेड़ू गांव को 'मिनी इटली' के नाम से जाना जाता है। धरेड़ू गांव अपने प्रवासी इतिहास के लिए भी काफी जाना जाता है। इसके अलावा साफ-सफाई और विकास के मामले में भी धरेड़ू गांव आज मिसाल बन चुका है। गांव की सड़कें, सार्वजनिक स्थल, साफ-सफाई इसे दूसरे गांवों से अलग बनाती है। इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास भी गांव में तेजी से हो रहा है। जिसकी वजह से यह गांव आसपास के गांवों के लिए मॉडल विलेज बन गया है। इतिहास की मानें तो कैथल को पहले कपिस्थल के नाम से जाना जाता था। ऐसा भी माना गया है कि भारत की पहली महिला मुस्लिम शासक रजिया सुल्तान की कब्र भी कैथल में बनाई गई है।
धरेड़ू गांव का नाम ‘मिनी इटली’ कैसे पड़ा ?
ऐसा कहा जाता है कि साल 2000 के आसपास इस गांव के कईं युवा रोजगार के लिए इटली चले गए थे। ऐसे में लगातार यह संख्या बढ़ती गई, और आज गांव के करीब हर घर से कोई न कोई सदस्य इटली में रह रहा है। इटली में रह रहने वाले लोगों की वजह से गांव के विकास में भी अहम भूमिका निभाई है। इटली से जब भी लोग गांव आते हैं और गांव के लिए योगदान करते हैं। जिसकी वजह से इस गांव में खानपान, रहन-सहन और बोलचाल में भी इटालवी संस्कृति झलक दिख जाती है।