पर्यटन: विश्व मानचित्र पर ला सकते हैं ढोसी की पहाड़ी व महेंद्रगढ़- नारनौल का नाम, केंद्र को प्रस्ताव

ढोसी की पहाड़ी व महेंद्रगढ़- नारनौल को विकसित करें तो यह एक बेहतर पर्यटन केंद्र बन सकता है। प्रदेश सरकार ने पर्यटन में इन्हें दुनिया के मानचित्र पर लाने का प्रस्ताव केंद्र के सामने रखा है।

Updated On 2025-10-14 19:57:00 IST

हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद्र शर्मा।

हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक राज्य–एक वैश्विक गंतव्य संकल्प के तहत महेंद्रगढ़ की ढोसी की पहाड़ी और नारनौल को दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर लाने का प्रस्ताव केंद्र के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि यदि पर्यटन मंत्रालय ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर की नगरी महेंद्रगढ़–नारनौल को विकसित करें तो देश ही नहीं, विदेशी पर्यटक भी एक शानदार पर्यटन स्थल का अनुभव कर पाएंगे। प्राकृतिक एवं अरावली पर्वतमाला में स्थित इस शानदार स्थल के विकसित होने से दक्षिण हरियाणा में रोमांच, धरोहर, प्राकृतिक चिकित्सा और खेल आधारित गतिविधियों का केंद्र तैयार होगा, जिसके सामाजिक, आर्थिक, व्यापारिक और पर्यटन संबंधी दूरगामी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

देश में शीर्ष 50 पर्यटन स्थल विकसित करने पर मंथन

राजस्थान के उदयपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्यों के पर्यटन मंत्रियों की बैठक की बैठक केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में हुई। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के बजट के अनुरूप 50 शीर्ष पर्यटन स्थलों के विकास पर राज्यों के प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक में डॉ. शर्मा ने कहा कि एक राज्य–एक वैश्विक गंतव्य योजना के तहत प्रदेश में महेंद्रगढ़ की ढोसी की पहाड़ी और विरासत नगरी नारनौल को वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। ढोसी की पहाड़ी और नारनौल की बावड़ियों, मकबरों व महलों जैसी धरोहरों को दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जाना समय की मांग है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और दक्षिण हरियाणा की अरावली श्रृंखला में स्थित यह क्षेत्र न केवल वैश्विक पर्यटन गलियारा विकसित करेगा बल्कि सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों, स्थानीय औद्योगिक इकाइयों और उद्यमियों के लिए अपार संभावनाएं उत्पन्न करेगा। इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पूरी तरह तैयार है।

सशक्त होगी प्रदेश की अर्थव्यवस्था

उन्होंने कहा कि विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में ढोसी की पहाड़ी और नारनौल की ऐतिहासिक हवेलियों, किलों, कुओं, बावड़ियों, छतरियों, द्वारों, मंदिरों, गुंबदों और स्मारकों को एकीकृत विरासत विकास योजना के तहत संरक्षण और पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित किया जा सकता है। ढोसी की पहाड़ी को रोमांचक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करते हुए ट्रैकिंग, रोपवे प्रोजेक्ट, पर्यावरण अनुकूल शिविर, स्काई डाइविंग, सांगीतिक प्रस्तुतियों, शिल्प बाजार और कारीगरों के प्रदर्शन जैसी गतिविधियों को बेहतरीन ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इससे तीन सितारा व पांच सितारा होटल, होम स्टे और अन्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं के विकास से क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों में उछाल आएगा, जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करेगा।

हरियाणा भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि है, जहां कुरुक्षेत्र में ऐतिहासिक महाभारत युद्ध हुआ था। जिस प्रकार इंडोनेशिया के बाली में गरुड़ विष्णु सांस्कृतिक पार्क में विशालकाय प्रतिमा वैश्विक पर्यटकों को आकर्षित करती है, उसी प्रकार हरियाणा में भी भगवान श्रीकृष्ण की विशालकाय प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए, जो देशी–विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी। फरीदाबाद को व्यावसायिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का भी प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली से सटा होने और व्यावसायिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ फरीदाबाद में पर्यटन विभाग के उत्कृष्ट रिजॉर्ट, गोल्फ कोर्स और सूरजकुंड में विश्वस्तरीय आवासीय सुविधाएं मौजूद हैं। गुरुग्राम, फरीदाबाद, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद जैसे क्षेत्रों में अरावली की सुंदरता और प्राकृतिक संरचना के बीच बैठकों, सम्मेलनों और प्रदर्शनियों के अवसरों को बढ़ाने की आवश्यकता है।

गीता जयंती महोत्सव व अंतरराष्ट्री शिल्प मेले का दिया निमंत्रण

मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने राज्यों के पर्यटन मंत्रियों की बैठक में उपस्थित सभी मंत्रियों को कुरुक्षेत्र में 15 नवंबर से प्रारंभ हो रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव और फरवरी माह में फरीदाबाद में आयोजित होने वाले 39वें अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और अन्य राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के पर्यटन मंत्रियों को पुरातत्व विभाग, हरियाणा द्वारा ऐतिहासिक धरोहरों पर आधारित स्मारिका भेंट की

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News