अंबाला में राहुल गांधी पर भड़के विज: बोले- विदेश में देश को नीचा दिखाते हैं, हम भारत की तरक्की के लिए करते हैं काम

विज ने कोलंबिया में आरएसएस पर टिप्पणी करने के लिए राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया और कहा कि उन्हें विदेश जाकर देश को नीचा दिखाने की आदत है। आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल को भी विज ने पंजाब की बिगड़ती हालत पर ध्यान देने की सलाह दी।

Updated On 2025-10-05 16:56:00 IST

अंबाला में पत्रकारों को संबोधित करते कैबिनेट मंत्री अनिल विज। 

हरियाणा के कद्दावर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने रविवार को अंबाला में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस और उसके नेताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भारतीय राजनीति में कांग्रेस को 'विदेशी' और भाजपा को 'देसी' पार्टी करार दिया। विज ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी दिन-रात देश की तरक्की और जनता की सेवा के लिए काम कर रही है, जबकि कांग्रेस की सोच और कार्यशैली इसके विपरीत है।

राहुल गांधी को विदेश में देश बदनाम करने की आदत

विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा कोलंबिया में आरएसएस (RSS) पर दिए गए हालिया बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यह पुरानी आदत है कि वह विदेश जाकर देश को नीचा दिखाते हैं और बदनाम करते हैं।

विज ने कहा भारत में प्रजातंत्र है, यहां हर किसी को बोलने की आजादी है। राहुल गांधी भारत में रहकर सरकार की नीतियों पर बात कर सकते हैं, लेकिन वह जानबूझकर विदेशों में जाकर देश की छवि खराब करते हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मंत्री विज ने आगे कहा कि उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े होने पर गर्व है, क्योंकि आरएसएस ही राष्ट्रवाद, चरित्र निर्माण और सेवा का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की सोच आज भी अंग्रेजों वाली है, जबकि भाजपा देश की मिट्टी से जुड़ी हुई है और भारत के विकास तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार काम कर रही है।

केजरीवाल को 'पंजाब का ख्याल' रखने की सलाह

आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल द्वारा गोवा में दिए गए उस बयान पर भी अनिल विज ने कटाक्ष किया, जिसमें केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस की मिलीभगत से सरकार चलने का आरोप लगाया था। विज ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा केजरीवाल जी, आप अपनी पार्टी के प्रमुख हैं, इसलिए इधर-उधर की बात छोड़िए और अपने पंजाब की हालत देखिए। पंजाब बेहाल है, वहां की जनता परेशान है।

विज ने मुस्कराते हुए उन्हें एक नसीहत भी दी- पंजाब क्यों बेहाल है, तू उसका कर ले ख्याल, तू इधर-उधर न भटक, पंजाब का कर ले ख्याल। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार होने के बावजूद हालात बिगड़ते जा रहे हैं। विज ने सलाह दी कि केजरीवाल पहले अपने राज्य को सुधारें, फिर दूसरों पर आरोप लगाएं।

सुरजेवाला को बताया 'हताश कवि'

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला द्वारा किसानों के मुद्दों पर भाजपा सरकार की आलोचना और सोशल मीडिया पर किए गए ट्वीट्स पर भी मंत्री विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। विज ने सुरजेवाला को एक "हताश कवि" बताते हुए कहा कि उनकी भाषा और उनके ट्वीट ऐसे लगते हैं, जैसे कोई व्यक्ति डिप्रेशन में आकर गीत लिख रहा हो।

विज ने स्पष्ट किया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज किसानों की फसल की खरीद पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही है और भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में जा रहा है। विज ने कांग्रेस के शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उस दौरान किसानों को अपने ही पैसे आढ़तियों से निकलवाने के लिए संघर्ष करना पड़ता था, जबकि भाजपा ने किसानों के हितों को हमेशा प्राथमिकता दी है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ। 

Tags:    

Similar News

अंबाला सैन्य छावनी में मिला अग्निवीर जवान का शव: दफ्तर में लगाया फंदा, UP में गाजियाबाद का रहने वाला था

दो खिलाड़ियों की मौत से एक्शन में मंत्री: जिम्मेदारों पर होगी कड़ी कार्रवाई, रिपोर्ट तलब, दो अधिकारी सस्पेंड

अंबाला के अस्पताल में हंगामा व तोड़फोड़: डॉक्टर व स्टाफ ने भागकर बचाई जान, एमरजेंसी सेवा ठप

अनिल विज को सड़क पर छोड़ गया राजनाथ का काफिला: हाथ हिला लिफ्ट मांगते रहे विज, नहीं रोकी गाड़ी