पानी पर संग्राम : अंबाला में मंत्री अनिल विज ने पंजाब को ललकारा, कहा- फेडरल समझौता तोड़ा तो हम भी...

पंजाब के पानी रोकने पर विज का गुस्सा। फेडरल समझौता तोड़ने का आरोप, रेल-सड़कें रोकने की चेतावनी। हरियाणा की सर्वदलीय बैठक।

Updated On 2025-05-03 14:56:00 IST
कैबिनेट मंत्री अनिल विज।

पानी पर संग्राम : पंजाब सरकार की ओर से भाखड़ा डैम पर सुरक्षा कड़ी कर हरियाणा के हिस्से का पानी रोकने के फैसले पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज बुरी तरह भड़क उठे हैं। अंबाला में उन्होंने पंजाब सरकार पर संघीय ढांचे (फेडरल समझौते) को तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। विज ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंजाब कैसे इस तरह का एकतरफा फैसला ले सकता है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि क्या हरियाणा भी पंजाब की रेल और सड़कें रोक दे? हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा ऐसा नहीं करेगा क्योंकि वह संघीय समझौते का सम्मान करता है। 

पंजाब की संस्कृति प्यासे को छबील लगाकर पानी पिलाने की रही है

विज ने पंजाब सरकार के इस कदम को निंदनीय बताते हुए कहा कि जिस पंजाब की संस्कृति प्यासे को छबील लगाकर पानी पिलाने की रही है, आज उसी पंजाब ने हरियाणा के लोगों के पीने का पानी छीन लिया है। उन्होंने पंजाब सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि संघीय ढांचे में मैं-मैं करके नहीं जिया जा सकता, सभी राज्य किसी न किसी रूप में एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।

हरियाणा भी बदले में पंजाब की रेल और सड़क रास्ते को रोक दे तो क्या हाल होगा

अपने तीखे बयान में अनिल विज ने पंजाब सरकार को यह भी याद दिलाया कि जिस तरह उन्होंने हरियाणा का पानी रोका है, अगर हरियाणा भी बदले में पंजाब की रेल और सड़कें रोक दे तो उनका क्या हाल होगा। हालांकि, उन्होंने तुरंत जोड़ा कि हरियाणा ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगा क्योंकि वह देश के संघीय ढांचे का सम्मान करता है और उसे मानता है।

पूर्व सीएम चन्नी पर फिर बरसे विज

इसके अलावा, अनिल विज ने पंजाब के पूर्व कांग्रेसी मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने के पुराने मुद्दे को एक बार फिर उठाया और उन्हें गद्दार करार दिया। विज ने कहा कि चन्नी को न तो हमारी सेना पर भरोसा है और न ही विश्वास। उन्हें तो उन बातों पर भरोसा है जो पाकिस्तानी कहते हैं। विज ने कटाक्ष कर कहा कि चन्नी को सच्चाई तभी पता चलेगी जब पाकिस्तान खुद मानेगा कि भारतीय सेना ने उनके छक्के छुड़ा दिए थे, उससे पहले वह मानने वाले नहीं हैं।

सर्वदलीय बैठक को बताया सही कदम 

हरियाणा और पंजाब के बीच चल रहे पानी के विवाद को लेकर आज हरियाणा में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। इस पहल का स्वागत करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह एक अच्छी बात है कि यह बैठक बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि भले ही हरियाणा के राजनीतिक दल आपस में किसी न किसी मुद्दे पर लड़ते रहते हों, लेकिन साझा हितों के मुद्दों पर हमेशा एकजुट होकर रणनीति बनाते हैं और उसे लागू भी करते हैं। विज ने एसवाईएल (सतलुज यमुना लिंक नहर) के पानी के मुद्दे पर भी इसी तरह की बैठकों का जिक्र किया और उम्मीद जताई कि इस सर्वदलीय बैठक में जो भी फैसला होगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तीखी प्रतिक्रिया ने इस जल विवाद को और गहरा कर दिया

पंजाब द्वारा हरियाणा का पानी रोकने के फैसले पर अनिल विज की तीखी प्रतिक्रिया ने इस जल विवाद को और गहरा कर दिया है। अब सबकी निगाहें आज होने वाली सर्वदलीय बैठक पर टिकी हैं, जिसमें इस गंभीर मुद्दे पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। 

ये भी पढ़े : हरियाणा पुलिस का 'बहुपत्नी' जवान : हेड कॉन्स्टेबल कर रहा था छठी शादी की तैयारी, 5वीं पत्नी ने थाने में खोली पोल 

Similar News