Weather Update: दिल्ली में अब भयंकर गर्मी का दौर होगा शुरु, पारा जाएगा 44 डिग्री के पार, लू को लेकर भी येलो अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में अब भयंकर गर्मी का दौर शुरु होने वाला है। इसके साथ ही लू चलने वाली है। लू को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया।

Updated On 2024-05-16 10:22:00 IST
मौसम अपडेट।

Delhi NCR Weather: राजधानी दिल्ली में झुलसाने वाली गर्मी का दौर शुरु होने वाला है। इस बार वीकेंड पर आईएमडी ने लू का येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार यानी कल अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पास पहुंचने की संभावना है। इसके बाद शनिवार से लू भी चलने की संभावना है। जिससे दिल्ली वालों की गर्मी से परेशानी बढ़ेगी। वहीं, रविवार तक अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री तक बना रहेगा। इस सीजन में पहली बार मौसम विभाग ने लू का अलर्ट भी जारी किया है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक बीते दिन यानी बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री है। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। दिल्ली के सबसे गर्म इलाकों में पालम का अधिकतम तापमान 42 डिग्री, आया नगर का 42.3, नजफगढ़ का 43.8, पीतमपुरा का 42.8 और पूसा का 42.9, वहीं फरीदाबाद का 42.8, नोएडा का 43.2 डिग्री रहा। हवाओं में नमी का स्तर 17 से 69 प्रतिशत रहा।

आज कैसा रहेगा मौसम 

मौसम विभाग ने गुरुवार को दिन में आसमान साफ रहने और 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, राजधानी में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने की संभावना है। विभाग का मानना है कि शुक्रवार को तापमान में और भी ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इस दौरान पारा 44 डिग्री पार जाने की संभावना है।

वहीं, शनिवार के मौसम की बात की जाए तो 25 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने से लोगों को लू का एहसास होगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की संभावना है। अगले पांच दिनों तक दिल्ली-एनसीआर का तापमान 43 से 45 डिग्री के आसपास बने रहने की संभावना है।

खराब स्तर पर पहुंचा वायु प्रदूषण

वहीं, वायु प्रदूषण की स्थिति पर बात की जाए तो दिल्ली-एनसीआर की हवा बीते दिन से बेहद खराब स्थिति में पहुंच चुकी है। दिल्ली में बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 243 दर्ज किया गया। इसे लेकर बुधवार को केंद्रीय वायु गुणवत्ता आयोग ने ग्रैप लगाने पर विचार करने के लिए बैठक की।

Similar News