Delhi Weather Updates: दिल्ली की गर्मी 72 साल का रिकॉर्ड तोड़ने को तैयार, इससे पहले बूंदाबांदी का भी मिलेगा तोहफा, IMD ने किया अलर्ट
Delhi Weather Update Today: आईएमडी के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
Delhi Weather Update Today: देश की राजधानी दिल्ली में अप्रैल महीने की शुरुआत से ही गर्मी ने कोहराम मचाना शुरू कर दिया है। इसकी वजह से लोग दिन के समय बाहर जाने से कतरा रहे हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को राजधानी में हल्की बारिश का अनुमान जताया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वहीं आज यानी शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। बावजूद इसके लोगों को आगे तपती धूप का सामना करना पड़ेगा। विशेषज्ञों की मानें तो इस बार अप्रैल में गर्मी का रिकॉर्ड भी टूट सकता है।
अगले हफ्ते तक कैसे रहेगा दिल्ली का मौसमआईएमडी के अनुसार, दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिन तक बादलों की आवाजाही रहेगी। 30-35 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तेजी से इजाफा होगा। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि आज का अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया है। बादलों की आवाजाही के चलते शुक्रवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट की संभावना है। शुक्रवार का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।
अप्रैल गर्मी का रिकॉर्ड तोड़ने को तैयार
आंकड़ों पर नजर डालें तो 29 अप्रैल 1941 को दिल्ली में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 2017 में भी 21 अप्रैल को अधिकतम पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। अब जिस तरह से गर्मी पड़ने लगी है, उससे संभावना दिखती है कि इस बार ये रिकॉर्ड टूट सकता है।
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर सामान्य
दिल्ली में अभी कुछ दिन और प्रदूषण का स्तर सामान्य बना रहेगा। मार्च और अप्रैल की शुरुआत में भी कम बारिश और तेज हवाओं की वजह से संतोषजन दिन का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। आमतौर पर मार्च महीने में ही इस स्तर के एक दो दिन लोगों को मिल जाते हैं। इस साल अगले दस दिनों तक ऐसा होने की संभावना नहीं है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, दिल्ली में बुधवार को एक्यूआई का स्तर 165 रहा था। वहीं सात जगहों पर इसका स्तर काफी खराब रहा। पूर्वानुमान के अनुसार, 4 से 6 अप्रैल तक इसका स्तर सामान्य ही बना रहेगा।