Delhi: रामलला प्राण प्रतिष्ठा के दिन राममय होगी राजधानी, रंग-बिरंगे फूलों से सजेंगे मंदिर

Ram Mandir: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन दिल्ली के सभी मंदिरं को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जाएगा। जिसके साथ मंदिरों में रामचरित मानस का पाठ होने वाला है और रामचरित मानस की प्रति भी बांटी जाएंगी।

Updated On 2024-01-08 13:12:00 IST
राम प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन राममय होंगे दिल्ली के मंदिर।

Ram Mandir: राजधानी को राममय बनाने के लिए रामलीला समितियों ने ऐलान किया है कि रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन दिल्ली के मंदिरों के बाहर से लाइव प्रसारण होगा। दिवाली की तरह मंदिर रंग-बिरंगे फूलों सजेंगे और रोशनी से जगमग होंगे। साथ ही, रामलीला का मंचन भी किया जाएगा। रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में 1 लाख रामायण की प्रति बांटी जाएंगी। दिवाली की तरह आतिशबाजी भी की जाएंगी।

रामलीला कमेटियों ने लिया फैसला 

रविवार को फतेहपुर स्थित क्लब में श्री रामलीला महासंघ के नेतृत्व में आयोजित बैठक में अलग-अलग रामलीला समितियों की ओर से यह निर्णय लिया गया। श्री रामलीला महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार का कहना है कि 22 जनवरी, 2024 को 550 साल बाद अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के शुभ दिन पर दिल्ली की समस्त रामलीला समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित मंदिर को रंग-बिरंगी लाइट और फूलों से दिवाली की तरह सजाएंगी। इसके अलावा, मंदिरों में रामचरित मानस का अखंड पाठ होग। 

ये भी पढ़ें:- रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर राजधानी में उत्सव, जामा मस्जिद और निजामुद्दीन दरगाह के बाहर BJP जलाएगी दीप

लाल किले में सजेगा राम दरबार

भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद की ओर से आयोजित 18 से लेकर 21 जनवरी तक पुराना किले में आयोजित सातवें भारतीय अंतरराष्ट्रीय रामायण मेले में लव कुश रामलीला कमेटी द्वारा 19 जनवरी को रामलीला का मंचन किया जाएगा। इस मेले में सात देशों के प्रसिद्ध कलाकार राम भजन की प्रस्तुति सहित रामायण पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगे। वहीं, 14 जनवरी को लाल किले में राम दरबार सजाया जाएगा। इसके अलावा, सरकार से मांग की गई है कि रामचरित मानस की एक-एक प्रति स्कूल, कॉलेज, सामुदायिक केंद्र और होटल में रखवाएं। आपको बता दें कि दिल्ली में लगभग 650 छोटी और बड़ी रामलीला समितियां हैं। 

मंदिरों में होगा लाइव प्रसारण

रामलीला महासंघ के महासचिव सुभाष गोयल का कहना है कि 22 जनवरी को 501 रामचरित मानस बांटेंगे। मंदिर में 501 देसी घी के दीपक जलाएंगे। इसके साथ ही भंडारे का आयोजन भी करेंगे। समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में शोभा यात्रा भी निकालेंगी। इलाकों में जगह-जगह पर स्वागत द्वार होंगे। दिवाली की तरह एक-दूसरे को गिफ्ट भी दिए जाएंगे। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर दिल्ली के मंदिरों के बाहर बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। जिसके माध्यम से लाइव प्रसारण लोगों को दिखाया जाएगा।

Tags:    

Similar News