Banke Bihari Temple: बांके बिहारी मंदिर में झड़प, आपस में भिड़े दिल्ली के श्रद्धालु और सुरक्षा गार्ड

Banke Bihari Temple: वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में सुरक्षा गार्ड और दिल्ली के श्रद्धालुओं के बीच झड़प हो गई। इस बीच एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए हैं। ये मामला पुलिस तक पहुंच गया है।

Updated On 2025-09-08 18:00:00 IST

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में लड़ाई।

Banke Bihari Temple: वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दिल्ली के श्रद्धालुओं और सुरक्षा गार्ड के बीच भिड़ंत की खबर सामने आई है। इस झड़प के दौरान एक महिला और दो अन्य श्रद्धालु जख्मी हो गए। इसके बाद ये मामला कोतवाली तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने कोतवाली पहुंचकर एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के शालीमार गार्डन निवासी अशोक अपने परिवार के साथ सोमवार दोपहर को दर्शन करने के लिए बांके बिहारी मंदिर में पहुंचे। दर्शन के दौरान वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड राकेश और महेश ने श्रद्धालुओं को आगे बढ़ाने के लिए धकेला। इसको लेकर अशोक ने विरोध जताया। इस दौरान सुरक्षा गार्ड और अशोक के परिवार के बीच विवाद हो गया। इस बीच दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।

श्रद्धालु अशोक का पत्नी रेनू के अनुसार, मंदिर में भीड़ नहीं थी। उनका परिवार बांके बिहारी लाल के दर्शन कर रहा था। इसी दौरान वहां काले कपड़ों में मौजूद सुरक्षा गार्डों और कुछ पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली गलौज की। उनके बाल खींचकर नीचे गिरा दिया और मारपीट की। उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इस संबंध में वृंदावन कोतवाली में तहरीर दी गई है।

वहीं इस मामले में बांके बिहारी मंदिर के निजी सुरक्षा गार्ड अटल यादव ने बताया कि सुरक्षा गार्ड श्रद्धालुओं को आगे बढ़ा रहे थे। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि श्रद्धालुओं ने सुरक्षा गार्ड से अभद्रता की। उनकी मारपीट की। इस मामले में पुलिस में शिकायत दे दी गई है।

बता दें कि बांके बिहारी मंदिर वृंदावन के सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। ये मंदिर भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित है। ये वास्तुकला और धार्मिक महोत्सव के लिए जाना जाता है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण को एक विशेष मुद्रा में दिखाया गया है। इस मंदिर में भक्तों की काफी भीड़ रहती है। हालांकि मंदिर का प्रांगण छोटा होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और होली जैसे त्योहारों पर यहां भीड़ बहुत ज्यादा होती है। इसके कारण कई बार बड़े हादसे हो चुके हैं, जिसमें कई लोगों की मौत भी हो चुकी है।

Tags:    

Similar News