Politics: यूपी सरकार भी दिल्ली के लोगों को कर रही गुमराह? यमुना प्रदूषण पर बोले सौरभ भारद्वाज
आम आदमी पार्टी, दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने उत्तर प्रदेश की पूर्वी नहर का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली और यूपी की भाजपा सरकार झूठ बोल रही है।
आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार के साथ योगी सरकार को घेरा।
छठ पर्व नजदीक आने के साथ ही दिल्ली की सियासत गरमा चुकी है। भाजपा जहां यमुना के सभी घाटों पर भव्य छठ पूजा के आयोजन का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी यमुना में नजर आ रहे सफेद झाग को लेकर सीएम रेखा गुप्ता की सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगा रही है। यही नहीं, आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने तो एक वीडियो शेयर कर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को भी इस सियासी घमासान में खींच लिया है।
सौरभ भारद्वाज ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ' Expose- झूठ फिर पकड़ा गया, भाजपा की सरकारें अब इतना डर गई हैं कि उन्होंने हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से उत्तर प्रदेश के किसानों का सारा पानी डाइवर्ट करके यमुना में डाल दिया है। देखिए उत्तर प्रदेश की पूर्वी नहर का पूरा पानी बंद है ताकि सिर्फ 3-4 दिन छठ के समय यमुना के प्रदूषण को डाइल्यूट किया जाए। अब आप समझ लीजिए कि झूठे प्रचार के लिए कहां तक जाती है भाजपा की दो राज्य सरकारें।'
उधर, दैनिक ट्रिब्यून ने दिल्ली जल बोर्ड के सूत्रों के हवाले से बताया है कि हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में छोड़े जाने वाले पानी के स्तर में अभूतपर्व वृद्धि हुई है। इससे यमुना को स्वच्छ और झाग मुक्त रखने के प्रयासों में मदद मिल रही है। इसके अलावा प्रदूषण का स्तर कम करने के लिए डी-फोमिंग का भी उपयोग किया जा रहा है।
केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों पर नजर डालें तो 21 अक्टूबर से हथिनीकुंड बैराज से नदी की मुख्यधारा में औसतन 8000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बता दें कि सौरभ भारद्वाज के आरोपों पर अभी तक बीजेपी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रतिक्रिया सामने आते ही खबर को अपडेट किया जाएगा।