पीएम मोदी दिल्ली में छठ मनाएंगे: मंत्री प्रवेश वर्मा ने किया ये दावा, इन घाटों पर जाकर तैयारियों का लिया जायजा
दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने आज कई घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री मोदी भी हमारे साथ दिल्ली में छठ पूजा में शामिल होंगे।
दिल्ली में छठ पूजा के लिए घाटों का निरीक्षण करते मंत्री प्रवेश वर्मा।
देशभर में छठ पर्व की धूम है। राजधानी दिल्ली में भी छठ पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। दिल्ली में छठ पर्व को भव्य तरीके से मनाने के लिए भाजपा के सभी पार्षद, विधायक और सांसद ग्राउंड पर उतरकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। इसी कड़ी में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने नांगलोई जाट और निहाल विहार में लोगों से बातचीत की।
नांगलोई जाट में मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि छठ के लिए पूरे दिल्ली में अभूतपूर्व योजना बनाई गई है। हर जिले में मॉडल घाट बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये इस क्षेत्र का सबसे बड़ा घाट है। हम हर साल इसकी भव्यता बढ़ाने का काम करेंगे और इस बार पीएम मोदी भी हमारे साथ दिल्ली में छठ मनाएंगे। उन्होंने कहा कि हमने सभी तैयारियां अच्छे से पूरी की है। उन्होंने कहा कि पहले यमुना घाट पर छठ नहीं मनाया जाता था, अब इस बार वहां पर करीब 20 छठ घाट बनाए जा रहे हैं।
नरेला में भी छठ पूजा घाट का निरीक्षण किया
मंत्री प्रवेश वर्मा ने नरेला पहुंचकर भी छठ पूजा घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं आनी चाहिए।
सचदेवा ने छठ पर राजनीति को लेकर क्या कहा?
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने छठ पूजा पर कहा कि राजनीति वे लोग कर रहे हैं, जिन्हें दिल्ली की जनता ने सत्ता से बाहर किया है। जनता ने इन्हें इसलिए दौड़ाया है क्योंकि ये लोग चोरी और भ्रष्टाचार करते थे। इनकी बौखलाहट का कारण है कि दिल्ली में 8 महीने की रेखा गुप्ता की सरकार इतना अच्छा काम क्यों कर रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।