Delhi Development: ओखला में सुधरेगी पार्कों और शौचालयों की हालत, नगर निगम ने 10 लाख का फंड किया जारी

Delhi Parks: दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में पार्कों और शौचालयों की स्थिति काफी खराब है। इसके सुधार के लिए दिल्ली नगर निगम की तरफ से 10 लाख रुपए का फंड जारी किया गया है।

Updated On 2025-08-24 07:00:00 IST

ओखला में सुधरेंगे पार्क और शौचालयों के हालात।

Delhi Parks: ओखला फेज-3 में कई पार्कों की हालत बदतर हो गई है। यहां शौचालय भी जर्जर और खराब अवस्था में हैं। अब जल्द पार्कों और शौचालयों की की हालत सुधरने वाली है। नगर निगम ने इन सुधारों के लिए 10 लाख रुपए का फंड जारी किया है। दरअसल, स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि इस इलाके में औद्योगिक क्षेत्र है। यहां लोगों की काफी आवाजाही लगी रहती है। सुविधाओं के अभाव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इन शिकायतों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली नगर निगम स्थायी समिति के सदस्य और श्रीनिवासपुरी के निगम पार्षद राजपाल सिंह ने एमसीडी मध्य जोन के उपायुक्त शाश्वत सौरभ के साथ ओखला फेज-3 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों का जायजा लिया। इलाके में शौचालयों और पार्कों की हालत जर्जर पाई गई। इसके बाद सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्यों के बारे में चर्चा की गई और इनका सुधार करने का फैसला लिया गया।

निगम पार्षद राजपाल सिंह ने बताया कि ये इलाका औद्योगिक क्षेत्र है। यहां पर बड़ी संख्या में लोग काम करते हैं। ऐसे में स्थानीय पार्क और शौचालयों की हालत खराब होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इलाके में शौचालयों और पार्कों की हालत सुधारने के लिए निरीक्षण किया गया। हालातों के सुधार के लिए 10 लाख रुपए का फंड जारी किया गया है।

इस फंड से पार्कों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इन पार्कों में बागवानी की जाएगी। यहां फूल, पौधे आदि लगाए जाएंगे। साथ ही पेड़ों की छंटाई कर पार्क का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस पंड से शौचालयों की मरम्मत और सफाई आदि कराई जाएगी। इन विकास कार्यों के हो जाने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। आसपास काम करने वाले लोग अपने काम से ब्रेक लेकर या छुट्टी के बाद पार्कों में सुकून के कुछ पल बिता सकेंगे।

Tags:    

Similar News