Noida viral video: नोएडा में एलिवेटेड रोड पर महिलाओं से अश्लील इशारे, 2 इंजीनियर गिरफ्तार
Noida viral video: नोएडा में एक परिवार के लोग शनिवार को सेक्टर 18 से सेक्टर 61 की ओर अपनी गाड़ी से जा रहे थे। इसी दौरान दो युवक गाड़ी में बैठी महिलाओं की तरफ अश्लील इशारे करने लगे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नोएडा में चलती कार से महिलाओं को अश्लील इशारे करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार
Noida viral video: नोएडा से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार देर रात नोएडा एलिवेटेड रोड पर परिवार के साथ कार में जा रहीं महिलाओं का दो लोगों ने पीछा किया और अश्लील इशारे भी किए। दोनों इंजीनियर है और पीड़ित महिलाओं ने उनकी इस करतूत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए दोनों आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, नोएडा के सेक्टर 18 से एक परिवार कार से सेक्टर 61 की तरफ जा रहा था। कार की आगे की सीटों पर पुरुष जबकि पीछे की सीटों पर बच्चे और महिलाएं बैठी हुई थी। इसी दौरान जब इनकी गाड़ी सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के अंतर्गत एलिवेटेड रोड़ पर पहुंची तो दो कार सवार युवकों ने पहले उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और उसके बाद कार में बैठी महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी और अश्लील इशारे करने लगें। पीड़ित परिवार के लोगों ने तुरंत इस घटना का मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। लेकिन आरोपियों के हौसले इतने बुलंद और कानून से बेखौफ थे कि उन्होंने अपनी इस हरकत को वीडियो बनाने के बाद भी जारी रखा।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार के विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्रता शुरु कर दी और पीड़ितों ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि हरिभूमि डॉट कॉम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। और घटना में शामिल कार को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों की पहचान अभिषेक और अमित कुमार के रूप में हुई है। वहीं दोनों आरोपी एक प्राइवेट कंपनी इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं और दोनों जेवीएस सोसाइटी में किराए के मकान में रहते हैं। वहीं ऐसा बताया जा रहा है कि घटना के वक्त दोनों शराब के नशे में थे। पुलिस प्रशासन का कहना कि ऐसी स्थिति में तुरंत इसकी सूचना डायल 112 और 1090 पर दें ताकि पीड़ित लोगों की समय रहते मदद की जा सके।