Gurugram Flyover: गुरुग्राम के इस चौक पर बनेगा 1KM लंबा फ्लाईओवर, 37 करोड़ रुपये किए जाएंगे खर्च
Gurugram Flyover: गुरुग्राम में एक किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा, ताकि लोगों को ट्रैफिक की समस्या से छुटकारा मिल सके।
गुरुग्राम में फ्लाईओवर बनाया जाएगा। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Gurugram Flyover: गुरुग्राम के अंबेडकर चौक पर फ्लाईओवर बनाने का फैसला लिया गया है। इसे लेकर टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया भी अपने आखिरी फेज में है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के अधिकारी का कहना है कि 15 फरवरी तक टेंडर आवंटित कर दिए जाएंगे। टेंडर आवंटन के डेढ साल के अंदर ही फ्लाईओवर बनकर तैयार कर लिया जाएगा।
एक किलोमीटर लंबे इस फ्लाइओवर को बनाने के लिए करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मौजूदा वक्त में इस चौराहे पर ट्रैफिक लगता है। GMDA ने इस चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगाया है, लेकिन यातायात ज्यादा होने की वजह से सुबह और शाम के वक्त चौराहे को पार करने में ड्राइवरों को 10 से 15 मिनट तक जाम का सामना करना पड़ता है। लोगों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए GMDA ने 2-2 लेन का फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई है। इस फ्लाईओवर को गुरुग्राम-सोहना हाईवे की तरफ बनाया जाएगा।
जाम की समस्या होगी खत्म
गुरुग्राम सेक्टर-52 के पूर्व प्रधान प्रदीप बोहरा ने कहा कि फ्लाईओवर के बन जाने के बाद इस चौक पर जाम नहीं लगेगा। GMDA के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा ने कहा कि फ्लाईओवर के निर्माण का डिजाइन बनकर तैयार हो गया है। सलाहकार कंपनी ने टेंडर डॉक्यूमेंट्स को तैयार कर लिया है। आने वाले 3 से 4 महीने के भीतर फ्लाईओवर को बनाने का काम शुरू हो जाएगा। 2027 तक यह फ्लाईओवर बन जाएगा, जिसके बाद चालकों को इस चौराहे से निकलने में राहत मिल सकेगी।
दादी सती चौक पर भी बनेगा फ्लाईओवर
ऐसा कहा जा रहा है कि दादी सती चौक (सेक्टर 85-86-89-90 चौक) पर फ्लाईओवर को बनाने का टेंडर भी इस महीने लग जाएगा। GMDA का कहना है कि भविष्य में इस चौक पर यातायात ज्यादा देखने को मिलेगा। GMDA के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा ने कहा कि फ्लाईओवर बनाने के दौरान ड्राइवरों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। मेट्रो या NHAI परियोजना के तहत केवल उतने हिस्से में बेरिकेडिंग की जाएगी, जिसमें निर्माण कार्य किया जाएगा। सड़क को आवाजाही के लिए बंद नहीं किया जाएगा।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।