Mumbai Police: नोएडा से ज्योतिषी गिरफ्तार, मुंबई में मानव बम और पाकिस्तानी आतंकवादियों की दी थी धमकी
Mumbai Police: मुंबई पुलिस ने नोएडा के सेक्टर-79 से एक ज्योतिषी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने मुंबई ट्रैफिक पुलिस को व्हॉट्सएप पर मैसेज भेजा, जिसमें मानव बम होने और देश में पाकिस्तानी आतंकवादियों के घुसने की धमकी दी गई थी।
मुंबई पुलिस ने नोएडा से ज्योतिषी अश्विनी कुमार को किया गिरफ्तार।
Mumbai Police: मुंबई पुलिस ने एक ज्योतिषी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने मुंबई में मानव बम होने और देश में 14 पाकिस्तानी आतंकियों के घुसने का धमकी भरा मैसेज भेजा था। इसके बाद मुंबई पुलिस ने आनन-फानन में 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम अश्विनी कुमार है, जो मूल रूप से बिहार के पटना का रहने वाला है और पेशे से एक ज्योतिषी है। वो पटना के पाटलिपुत्र से वास्तु सलाहकार है। बीते 5 सालों से वो अपने परिवार के साथ नोएडा सेक्टर-79 में रह रहा था। पिता सुरेश कुमार शिक्षा विभाग के रिटायर्ड अधिकारी हैं और मां प्रभावती गृहिणी हैं। उसकी पत्नी का नाम अर्चना है, जो अश्विनी से अलग हो गईं। आरोप है कि अश्विनी ने व्हाट्सएप पर मुंबई ट्रैफिक पुलिस को मैसेज कर मुंबई शहर को बमों से उड़ाने की धमकी दी थी।
जानकारी के अनुसार, 2023 में अश्विनी कुमार के दोस्त बिहार निवासी फिरोज ने पटना के फुलवारी शरीफ थाने में केस दर्ज कराया था। इसके बाद अश्विनी को 3 महीने जेल की सजा हुई थी। इसकी वजह से अश्विनी फिरोज से नाराज चल रहा था। वो फिरोज को मजा चखाना चाहता था। उसने फिरोज को एक आतंकी मामले में फंसाने के लिए उसके नाम से मुंबई ट्रैफिक पुलिस को धमकी भरा मैसेज भेजा।
अश्विनी ने मैसेज में लिखा, 'मुंबई भर में 34 वाहनों में 34 मानव बम लगाए गए हैं। विस्फोट के लिए 400 किलोग्राम आरडीएक्स का इस्तेमाल किया गया है।' इसके अलावा ये भी कहा गया कि देश में 14 पाकिस्तानी आतंकवादी घुस आए हैं। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट ने इस मैसेज को भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश शुरू की। पुलिस ने तकनीकी मदद से 24 घंटे के अंदर ही उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-79 से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम ने अपराध में इस्तेमाल किया गया स्मार्टफोन और सिम कार्ड बरामद कर लिया। इसके अलावा 7 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड, एद बाहरी सिम स्लॉट, दो डिजिटल कार्ड और कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए।