MCD Bypolls: दिल्ली में एमसीडी उपचुनाव... चांदनी महल बनी हॉट सीट, कौन जीतेगा मुकाबला?
MCD Bypolls: 30 नवंबर को एमसीडी के 12 वार्डों में उपचुनाव होने वाले हैं। इनमें से चांदनी महल की सीट सबसे हॉट सीट बन गई है। जानें इस सीट पर क्या समीकरण बन रहे हैं।
एमसीडी उपुचनाव 2025।
MCD Bypolls 2025: दिल्ली नगर निगम में होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों जोर-शोर से प्रचार करने में जुटी हुई हैं। एमसीडी के 12 वार्डों पर उपचुनाव होने वाले हैं। इनमें सबसे हॉट सीट मटिया महल की चांदनी महल सीट मानी जा रही है। यह इलाका समृद्ध मुगलकालीन विरासत मानी जाती है। यह ऐतिहासिक ऐतिहासिक रूप से चांदनी चौक का हिस्सा है। पिछले 3 दशकों से इस सीट पर दिल्ली के दिग्गज नेता और पूर्व विधायक शोएब इकबाल के परिवार का कब्जा रहा है। यह मुस्लिम बहुल इलाका है, जिसके चलते मुस्लिम वोटरों की संख्या ज्यादा है।
एमसीडी के चांदनी महल वार्ड पर उपचुनाव के ऐलान के बाद से ही सियासी संग्राम शुरू हो चुका है। आम आदमी पार्टी ने इस सीट से मुद्दसिर उस्मान कुरैशी को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके चलते पूर्व विधायक शोएब इकबाल ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। रिपोर्ट्स की मानें, तो पार्टी ने शोएब इकबाल की मर्जी के खिलाफ उम्मीदवार उतारा है। ऐसे में उन्होंने पार्टी से अलग होने का फैसला लिया है।
बीजेपी और आप ने किसे उतारा?
चांदनी महल वार्ड पर मुकाबला दिलचस्प दिखाई दे रहा है। बीजेपी ने इस वार्ड से सुनील शर्मा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि आप ने मुद्दसिर उस्मान को उतारा है। आम आदमी पार्टी उस्मान को स्थानीय विकास और पुराने वोटबैंक की बदौलत मजबूत दावेदार मानती है। हालांकि इस सीट पर बीजेपी और आप की राह आसान नहीं होने वाली है, क्योंकि कद्दावर नेता शोएब इकबाल ने शेर के चुनाव निशान पर अपने करीबी मोहम्मद इमरान को खुला समर्थन देने का ऐलान किया है। इससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
बता दें कि चांदनी महल वार्ड मटिया महल विधानसभा सीट का हिस्सा है। इस विधानसभा सीट और वार्ड दोनों पर लंबे समय से शोएब इकबाल और उनके परिवार का दबदबा रहा है। शोएब के बेटे आले इकबाल चांदनी महल वार्ड से पार्षद थे, जो वर्तमान में मटिया महल विधानसभा सीट से विधायक हैं। ऐसे में चांदनी महल सीट पर होने वाले उपचुनाव में शोएब इकबाल के लिए वर्चस्व की लड़ाई भी है।
कांग्रेस की क्या रणनीति?
इस सीट से जीत हासिल करने के लिए सभी पार्टियां स्थानीय स्तर पर प्रचार कर रही हैं। कांग्रेस भी चांदनी महल सीट पर कब्जा करने की पूरी रणनीति बना रही है। कांग्रेस ने इस सीट से कुंवर शहजाद को उम्मीदवार बनाया है, जिन्हें लोग 'ऑक्सीजन मैन' के नाम से भी जानते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोविड के दौरान कुंवर शहजाद ने लोगों के लिए ऑक्सीजन उपलब्ध करवाई थी। इससे इलाके में उनकी पकड़ भी मजबूत मानी जाती है।
वर्चस्व की लड़ाई
चांदनी महल की पार्षद सीट पर दो गुटों के बीच कड़ा मुकाबला है। एक तरफ आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मुद्दसिर उस्मान मैदान में हैं। उनके समर्थन में पूर्व विधायक आसिम अहमद खान प्रचार कर रहे हैं। आसिम ने साल 2015 में मटिया महल से शोएब इकबाल को हराया था। आसिम अहमद खान और शोएब इकबाल एक दूसरे के विरोधी माने जाते हैं। वहीं, दूसरी ओर शोएब इकबाल ने अपने करीबी मोहम्मद इमरान को जिताने की कोशिश में जुटे हुए हैं। इस सीट पर उपचुनाव वर्चस्व की लड़ाई बन गई है।
चांदनी महल वार्ड में ज्यादा मुस्लिम वोटर
चांदनी महल नगर निगम पार्षद की सीट पर ज्यादातर मुस्लिम वोटर हैं। इस सीट पर 80 फीसदी से ज्यादा मुस्लिम मतदाता हैं। इसके चलते बीजेपी को छोड़कर अन्य पार्टियों ने मुस्लिम उम्मीदवार उतारा है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने इस सीट पर अपने बड़े नेताओं को प्रचार के लिए उतार दिया है। अब देखना होगा कि यहां के मुस्लिम वोटर किस पार्टी का साथ देते हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।