छठ महापर्व संपन्न: मंत्री कपिल मिश्रा ने AAP पर कसा तंज, कहा- केजरीवाल गया, झाग गया
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने यमुना में छठ के आयोजन को सफल बताया है। साथ ही, आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर एक नहीं बल्कि कई तंज कसे हैं।
मंत्री कपिल मिश्रा मीडिया से बात करते हुए।
छठ महापर्व को पूरे देश में उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने आज सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपना व्रत पूरा किया। यमुना के किनारे बने घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। दिल्ली की भाजपा सरकार ने जहां छठ पर्व की तैयारियों को सफल बताया है, वहीं मंत्री कपिल मिश्रा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा है।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि केजरीवाल गया, झाग गया, इस बार यमुना में झाग नहीं है। मुझे लगता है कि जो घाट पर हैं, जो घाट मना रहे हैं, उनके चेहरों से पता चल जाएगा। आप किसी पूछ लीजिए। जमीन आसमान का अंतर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं हर घाट का दौरा किया। कल शाम को अर्घ्य दिया और आज सुबह का अर्घ्य दिया। दिल्ली में ऐसी कोई सरकार नहीं आई।
उन्होंने केजरीवाल सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग यमुना को प्रदूषित करते थे और छठ पर प्रतिबंध लगाते थे, उन्हें दिल्ली की जनता ने प्रतिबंधित कर दिया है। उन्होंने कहा कि वो बैन लगाकर बैठे थे, हम नैन बिछाकर बैठे थे। अंत में उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने छठ पूजा करने वालों पर भी मुकदमे दर्ज कराए थे, मुख्यमंत्री ने निर्णय लिया है कि हम वो सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे।
बीजेपी सरकार ने अपना वादा पूरा किया
दिल्ली के मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने कहा कि रामलीला मैदान में शपथ लेने के तुरंत बाद हमने यहां मां यमुना का आशीर्वाद लेने के लिए आरती की और यह भी शपथ ली कि इस बार छठ पूजा यमुना के तट पर होगी। दिल्ली सरकार ने अपना वादा पूरा किया है।
बता दें कि दिल्ली सरकार ने दावा किया था कि इस बार छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। जिस तरह भव्य तरीके से दिवाली मनाई जाएगी, उसी तरह भव्य तरीके से छठ महापर्व मनाया जाएगा। दिल्ली सरकार के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती यमुना से सफेद झाग को कम करना था। आम आदमी पार्टी यमुना के सफेद झाग को लेकर सवाल उठा रही थी। कभी आरोप लगाया कि हथिनीकुंड बैराज का पानी यूपी की पश्चिमी नहर भेजने की बजाए दिल्ली की तरफ डायवर्ट कर दिया गया है ताकि प्रदूषण कम हो जाए। कभी आरोप लगाया कि झाग को खत्म करने के लिए केमिकल इस्तेमाल किया जा रहा है।
बीजेपी के नेता और मंत्री अब छठ महापर्व के संपन्न होने पर दिल्ली सरकार की प्रयासों को सफल बता रहे हैं, वहीं आम आदमी पार्टी अभी भी मुखर है। दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यमुना को लेकर बीजेपी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। यह दर्शाता है कि छठ महापर्व भले ही संपन्न हो गया है, लेकिन यमुना प्रदूषण को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच सियासी जंग आगे भी जारी रहेगी।