JNUSU Election 2025 LIVE: जेएनयू छात्र संघ चुनाव की वोटिंग खत्म, आज रात से होगी काउंटिंग, 6 नवंबर को रिजल्ट
JNUSU Election 2025 LIVE: जेएनयू छात्र संघ चुनाव के लिए मंगलवार शाम को मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। 9 हजार से अधिक छात्रों ने अपना वोट डाला। देखें चुनाव के सारे अपडेट्स...
जेएनयू छात्र संघ चुनाव 2025 लाइव।
JNUSU Election 2025 LIVE Updates: राष्ट्रीय राजधानी स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्र संघ चुनाव के लिए वोटिंग मंगलवार शाम 5.30 बजे खत्म हो गई। वोटिंग सुबह 9 बजे शुरू हुई थी। काउंटिंग आज रात 9 बजे से होगी। इस बार जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए 9,000 से अधिक स्टूडेंट्स ने वोट डाले। वोटिंग के लिए जेएनयू में स्कूल ऑफ लैंग्वेज, स्कूल ऑफ सोशल साइंस, स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज समेत कुल 8 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
JNUSU चुनाव के लिए मंगलवार को वोटिंग की प्रक्रिया 2 सत्रों में पूरी हुई। पहले सत्र में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक वोट डाले गए, जबकि दूसरे सत्र में दोपहर 2:30 बजे से 5.30 बजे तक वोटिंग हुई।
मंगलवार रात 9 बजे से ही वोटों की गिनती शुरू कर दी जाएगी। 6 नवंबर को अंतिम रिजल्ट जारी किया जाएगा। इस साल जेएनयू छात्र संघ चुनाव कमेटी की ओर से ऑफिशियल वेबसाइट www.jnusuec.org जारी की गई है। इसके जरिए मतदाताओं को लाइव रिजल्ट और आधिकारिक सूचनाएं मिलेंगी। चुनाव कमेटी के अध्यक्ष रविकांत ने बताया कि यह वेबसाइट पारदर्शिता और सुगमता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। नीचे पढ़ें चुनाव का लाइव अपडेट...
JNUSU Elections Live:
जेएनयू छात्र संघ के चुनाव के लिए मतदान मंगलवार शाम 5:30 बजे समाप्त हो गया। आज ही रात 9 बजे से मतगणना शुरू होगी। अंतिम परिणाम 6 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
JNUSU Elections Live:
बैनरों, नारों और छात्रों की भारी भागीदारी से जेएनयू परिसर में मतदान के दौरान काफी चहल-पहल रही। मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
JNUSU Elections Live:
जेएनयूएसयू चुनाव में वोटिंग के बीच लेफ्ट यूनिटी के संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार दानिश अली ने कहा, 'हमने हर स्टूडेंट तक पहुंचने की पूरी कोशिश की है और हमें उम्मीद है कि 6 नवंबर को जेएनयू को महिलाओं के नेतृत्व वाला छात्र संघ मिलेगा।'
JNUSU Elections Live:
जेएनयू छात्र चुनाव में दोपहर 2.30 बजे से दूसरे सत्र की वोटिंग जारी है। मतदान केंद्रों पर स्टूडेंट्स की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। वोटिंग 5:30 बजे तक चलेगी।
JNUSU elections Live:
जेएनयूएसयू चुनाव 2025 में एबीवीपी की जीत की संभावनाओं पर डूसू (DUSU) अध्यक्ष आर्यन मान ने बयान दिया है। मान ने कहा, 'यह एक शानदार अभियान है और इस बार हम जेएनयू में चारों सीटें जीतेंगे। ठीक वैसे ही जैसे एबीवीपी ने डीयू, हैदराबाद विश्वविद्यालय में अपना परचम लहराया है। यहां तक कि 40 साल बाद पंजाब विश्वविद्यालय में अध्यक्ष पद भी जीता है। जेएनयू का माहौल बहुत सकारात्मक है। छात्र एबीवीपी से जुड़ रहे हैं और हमारी राष्ट्रवाद की विचारधारा को समझ रहे हैं।'
JNUSU Elections Live:
जेएनयू छात्र संघ चुनाव के लिए सुबह 9 बजे से वोटिंग जारी है। पहले सत्र का मतदान दोपहर 1 बजे बंद होगा। इसके बाद फिर 2:30 बजे से 5:30 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
JNUSU Elections Live:
दिल्ली: आइसा (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) के सदस्य जेएनयू में मतदान केंद्रों के बाहर प्रचार अभियान जारी रखे हुए हैं। छात्र संघ चुनाव में वोट डालने के लिए जेएनयू परिसर में छात्र कतारों में देखे जा सकते हैं।
एबीवीपी के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विकास पटेल मूल रूप से यूपी के महाराजगंज से हैं। उन्होंने जेएनयू से कोरियन भाषा और राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर किया है। फिलहाल वह पीएचडी कर रहे हैं। विकास पटेल साल 2014 से संगठन से जुड़े हैं और जेएनयू इकाई मंत्री रह चुके हैं।
एनएसयूआई ने अध्यक्ष पद के लिए विकास, उपाध्यक्ष के लिए शेख शाहनवाज आलम, महासचिव पद के लिए प्रीति और संयुक्त सचिव पद के लिए कुलदीप ओझा को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, प्रोग्रेसिव स्टूडेंट्स एसोसिएशन से अध्यक्ष पद के लिए शिंदे विजयलक्ष्मी चुनावी मैदान में है। इसके अलावा ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) ने सिर्फ महासचिव के पद पर गोपी कृष्णन को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, बिरसा अंबेडकर फुले स्टूडेंट्स एसोसिएशन (बापसा) ने अध्यक्ष पद के लिए राज रत्न राजोरिया और महासचिव के लिए शोएब खान को उम्मीदवार बनाया है।
जेएनयू छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा 7 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें अदिति मिश्रा, अंगद सिंह, राज रतन राजोरिया, शिंदे विजयलक्ष्मी व्यंकट राव, शिरशवा इंदु, विकास पटेल और विकास शामिल हैं। वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए किझाकूट गोपिका बाबू, शेख शाहनवाज आलम और तान्या कुमारी चुनावी मैदान में हैं।
महासचिव पद के लिए गोपी कृष्णन यू, प्रीति, राजेश्वर कांत दुबे, शुएब खान और सुनील यादव चुनावी रेस में शामिल हैं। इसके अलावा संयुक्त सचिव पद के लिए अनुज, दानिश अली, कुलदीप ओझा, मनमोहन मित्रुका और रवि राज में टक्कर है।