Greater Noida: दादरी के इन 20 गांवों में खत्म होने जा रही पंचायत व्यवस्था, कराए जाएंगे ये निर्माण कार्य
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके के अंतर्गत आने वाले 20 गांवों को न्यू नोएडा में शामिल किया जाएगा। इन गांवों में पंचायत व्यवस्था खत्म की जा रही है। इन गांवों को परिसीमन की कार्रवाई से भी बाहर रखा जाएगा।
Greater Noida: जल्द ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके के 20 गांवों में पंचायत व्यवस्था खत्म होने जा रही है। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। पंचायत व्यवस्था खत्म होने के साथ ही इन गांवों में प्रधानी के चुनाव भी बंद हो जाएंगे। वहीं पंचायत चुनाव को लेकर परिसीमन की कार्रवाई चल रही है। अब इन गांवों को परिसीमन की कार्रवाई से बाहर रखा जाएगा।
एक अधिकारी ने बताया कि वर्तमान समय में गांव के परिसीमन का काम चल रहा है। 6 जून तक ये काम पूरा होना है। इसके बाद शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। जिन गांवों में पंचायत खत्म होने वाली हैं, अब वो नए नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में शामिल हो गए हैं। इसमें दादरी क्षेत्र के 20 गांवों को शामिल किया गया है। इनमें खंदेड़ा, अकबरपुर, आनंदपुर, चीती, चीरसी, बील, नई बस्ती, चंद्रावल, छांयसा, राजपुर कलां, रघुनाथपुर पार्ट, दयानगर, देवटा, मिलक, कोट, फजलपुर, देवटा, नंगला नैनसुख, फूलपुर शामिल हैं।
बता दें कि वर्तमान समय में जिले में 82 ग्राम पंचायतें हैं। अब 20 गांव हटने के बाद मात्र 62 गांवों में पंचायत व्यवस्था बचेगी। इन गांवों में DPRO विभाग के तहत विकास कार्य कराए जाएंगे। वहीं दूसरी तरफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों के संपर्क मार्गों को दुरुस्त किया जाएगा।
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि संपर्क मार्गों को दरुस्त करने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। इसके लिए संपर्क मार्गों को चिन्हित किया जा चुका है। इन सड़कों को जल्द दुरुस्त कराया गया है। पहले फेज में दनकौर के कुलीपुरा से पंचायतन और सिकंद्राबाद-दनकौर मार्ग से जुनैदपुर की मढैया समेत चार सड़कों के टेंडर निकाले गए हैं। इन सड़कों को चौड़ा करने के साथ जल निकासी के लिए नालियां बनाई जाएंगी।
मंडी श्यामनगर से अस्तौली फाटक वाया देवटा तक सीसी सड़क के साथ नाली बनाई जाएंगी। दो महीने में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू किया जाएगा। नॉलेज पार्क 5 में सड़क के दोनों तरफ सर्विस मार्ग बनाया जाएगा।