Rape Case: गाजियाबाद में नाबालिग युवती से रेप, फुफेरे भाई ने दुष्कर्म कर छत से नीचे फेंका
Ghaziabad Rape Case: गाजियाबाद में फुफेरे भाई ने 17 साल की लड़की के साथ रेप करने के बाद उसे छत से नीचे फेंक दिया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी पिछले 8 साल से उसका यौन शोषण कर रहा था।
गाजियाबाद में 17 साल की लड़की का रेप
Ghaziabad Rape Case: गाजियाबाद के मोदीनगर से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मोदीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में फुफेरे भाई ने छत पर सो रही 17 साल की नाबालिग बहन से दुष्कर्म किया। लड़की ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बुधवार को केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी इंटर की छात्रा है, जिसकी उम्र 17 साल है। 20 अक्टूबर की रात वह छत पर सो रही थी। देर रात को अचानक वह छत से नीचे से गिर गई। उसके चिल्लाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, तो देखा कि बच्ची नीचे पड़ी है। इसके बाद आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत होने की वजह से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।
आरोपी 8 साल से कर रहा था शोषण
होश आने पर लड़की ने बताया कि जब वो छत पर सो रही थी। तभी बुआ का लड़का छत पर आया और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। जब उसने इसका विरोध किया, तो लड़के ने युवती के साथ मारपीट की और छत से नीचे फेंक दिया। इसके बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। छात्रा ने अपने परिजनों को बताया कि आरोपी पिछले 8 साल से उसका यौन शोषण कर रहा था। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा।
पहली बार 9 साल की अवस्था में किया दुष्कर्म
जानकारी के मुताबिक, जब पीड़िता सिर्फ 9 साल की थी, तब आरोपी ने पहली बार उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद में पीड़िता के पिता और भाई को जान से मारने की धमकी देकर उसका शोषण करता रहा। लड़की जब इसका विरोध करती, तो वो उसके साथ मारपीट करता था। इस वजह से पीड़िता कई बार घायल भी हो गई थी। समाज में बेइज्जती के डर की वजह से लड़की ने उसके बारे में अपने परिवार के लोगों को कभी नहीं बताया।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।