Ganesha Favourite Food: दिल्ली में गणपति के 5 बड़े मंदिर, बप्पा को इन व्यंजनों का लगाएं भोग

आज से गणेश उत्सव शुरू हो चुका है। अगर आप भी गणपति को प्रसन्न करना चाहते हैं, तो इन व्यंजनों का भोग अवश्य लगाएं। साथ ही, जानिये दिल्ली के 5 बड़े गणपति मंदिरों के बारे में...

Updated On 2025-08-27 12:16:00 IST

आज से शुरू हो गया गणेश उत्सव

देशभर में आज से गणेश उत्सव शुरू हो चुका है। गणपति के भक्त आज घरों में भगवान गणेश की मूर्तियों की स्थापना कर रहे हैं। वहीं, जगह-जगह विशाल आयोजनों की शुरुआत हो चुकी है। गणपति की स्थापना से लेकर विसर्जन तक सुख और समृद्धि की कामना की जाती है। इस दौरान विघ्नहर्ता के लिए उनके पसंदीदा व्यंजनों के तरह-तरह के भोग बनाए जाते हैं। अगर आप भी इस गणेश चतुर्थी पर उनके पसंदीदा व्यंजनों का भोग लगाना चाहते हैं, तो नीचे देखिये पूरी लिस्ट...

गणेश जी के पसंदीदा व्यंजन

मोदक: भगवान गणेश को मीठा बेहद पसंद है। मोदक भी गणपति बप्पा के पसंदीदा व्यंजनों में शामिल है। यह चावल के आटे के मिश्रण से बनाया जाता है। इसे भाप में पकाया जाता है। अगर आप ध्यान से देखेंगे तो भगवान गणेश की मूर्तियों में मोदक को देख सकते हैं।

बेसन के लड्डू: भगवान गणेश को बेसन के लड्डू भी खासे पसंद हैं। बेसन, आटे, रवा, घी और चीनी के मिश्रण से लड्डू बनाकर गणपति को अर्पित करेंगे तो निश्चित ही आपकी जिंदगी में भी मिठास आना तय है।

पूरन पोली: यह गेहूं के आटे से बनाई जाती है। इसे रोटी बनाकर इसमें गुड़, नारियल जैसी मीठी चीजें भरी जाती हैं। जो भक्त गणपति के पसंदीदा व्यंजनों के बारे में जानते हैं, वे पूरन पोली गणपति को अर्पित करना नहीं भूलते हैं।

पेड़ा: गणेश चतुर्थी पर भक्त पेड़ा भी विघ्नहर्ता को अर्पित करते हैं। पेड़ा ऐसा व्यंजन है, जिसे सभी देवी देवताओं को अर्पित किया जा सकता है। यह दूध, इलायची, आटा, चीनी और सूखे मेवों से बनता है।

केला: भगवान गणपति को हाथी के सिर वाला भगवान भी कहा जाता है। गणपति को भी केला बेहद पसंद है। गणेश चतुर्थी के दौरान केले और केलों के पत्तों व डंठलों की माला अर्पित की जाती है। अगर आप भी ऐसी माला बनाकर गणपति को अर्पित करेंगे तो अवश्य प्रसन्न होंगे।

गणेश चतुर्थी: दिल्ली में गणपति के 5 बड़े मंदिर

देश के तमाम राज्यों में गणेश उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। लेकिन, सबसे ज्यादा धूम कर्नाटक, महाराष्ट्र और तेलंगाना में होती है। इसके अलावा, दिल्ली में भी जगह-जगह बड़े आयोजन कर भक्त गणपति की भक्ति में डूब जाते हैं। नीचे जानिये दिल्ली की 5 जगह, जहां हर साल गणेश उत्सव बेहद धूमधाम तरीके से मनाया जाता है।

श्री गणेश उत्सव: कनॉट प्लेस के पास खड़क सिंह मार्ग स्थित श्री गणेश मंदिर में बड़े पंडाल सजाए जाते हैं। यहां नोएडा और गुरुग्राम से भी भक्त भारी संख्या में पहुंचते हैं।

श्री सिद्धिविनायक मंदिर: मयूर विहार फेज 1 के पॉकेट 4 स्थित श्री शुभ सिद्धि विनायक मंदिर गणपति का बेहद प्राचीन मंदिर है। यहां भी गणेश उत्सव के दौरान भव्य कार्यक्रमों का आयोजन होता है।

लालबागचा राजा पंडाल: मुंबई की तरह दिल्ली में भी लालबागचा राजा की झलक देखने को मिलती है। इसके लिए करोल बाग जाना होगा। यहां का भव्य पंडाल देखकर आप भूल नहीं पाएंगे। विर्सजन के दिन यहां कदम रखने की भी जगह नहीं मिलती है।

श्री सिद्धि विनायक मंदिर, द्वारका: यह मंदिर द्वारका के सेक्टर-12 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है। यहां भी गणेश चतुर्थी का उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। अगर आप बप्पा के दर्शन करने जाते हैं, तो एक बार यहां भी अवश्य आइएगा।

श्री गणेश मंदिर: दिल्ली के अजमेरी गेट का श्री गणेश मंदिर भी बेहद भव्य तरीके से सजाया जाता है। यहां गणपति की बेहद प्राचीन प्रतिमा प्रतिष्ठित है। बताया जाता है कि ब्रह्मा जी ने पुष्कर में यज्ञ करने से पहले इसी स्थान पर भगवान गणेश का आह्वान किया था। आज भी यह मंदिर भक्तों की आस्था का केंद्र बना है। 

Similar News