DUSU Voting: NSUI ने लगाया EVM से छेड़छाड़ का आरोप, ABVP ने किया पलटवार

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के लिए आज मतदान हो रहा है। एबीवीपी और एनएसयूआई एक दूसरे के खिलाफ आरोप लगा रहे हैं। यहां पढ़िये इस चुनाव से जुड़ी तमाम अपडेट्स...

Updated On 2025-09-18 18:17:00 IST

डूसू चुनाव के लिए मतदान जारी

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2025 के लिए मतदान चल रहा है। मतदान दो पालियों में होगा। पहली पारी में सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर एक बजे तक और शाम की कक्षाओं के लिए दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े सात बजे तक वोटिंग होगी। चार पदों के लिए कुल 21 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला पौने तीन लाख से ज्यादा छात्र करेंगे। डूसू चुनाव से जुड़ी अपडेट्स के लिए इस खबर से जुड़े रहिये...

इस तरह चल रहा वाकयुद्ध

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी का कहना है कि एबीवीपी के डूसू अध्यक्ष पद के उम्मीदवार का नामांकन रद्द होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में धांधली की जा रही है। उन्होंने किरोड़ीमल कॉलेज, हिंदू कॉलेज और हंसराज कॉलेज में वोटों की हेरफेर और धांधली का आरोप लगाया। कहा कि डीयू के छात्र इसे हरगिज बर्दाश्त नहीं करेंगे।

एबीवीपी दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव में हारती है और इसका ठीकरा ईवीएम पर फोड़ती है। वही तरीका एनएसयूआई अपना रही है। इसी तरह एबीवीपी और एनएसयूआई इस तरह से एक दूसरे के खिलाफ आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं। 

एनएसयूआई हमें बदनाम कर रही- ABVP

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने एनएसयूआई के आरोपों पर पलटवार किया है। एबीवीपी का कहना है कि एनएसयूआई हमें बदनाम करना चाहती है, लेकिन डीयू के छात्र सच्चाई जानते हैं। 

ईवीएम से छेड़छाड़ करने का आरोप

एनएसयूआई ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और डीयू प्रशासन पर ईवीएम से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। एनएसयूआई का कहना है कि जगह-जगह से शिकायतें मिल रही हैं कि ईवीएम पर नीली इंक से ABVP के कैंडिडेट का नाम हाइलाइट किया जा रहा है और छात्रों को डराने-धमकाने की कोशिश हो रही है।

एनएसयूआई महिलाओं की भागीदारी पर जोर दे रहा

बैलेट पेपर से भी हो रहा मतदान

हर चुनाव में ईवीएम को टारगेट बनाया जाता है। डूसू चुनाव में ईवीएम के साथ ही बैलेट पेपर की भी व्यवस्था की गई है। 195 पोलिंग बूथ हैं, जहां ईवीएम से वोटिंग हो रही है, जबकि बैलेट पेपर से वोटिंग के लिए 780 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दिव्यांग छात्रों के लिए भी अलग से पोलिंग बूथ बनाए हैं।

डूसू चुनाव में इन दलों के बीच मुकाबला

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), कांग्रेस, नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI), वामपंथी छात्र संगठन स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI), एसएफआई से गठबंधन कर चुनाव लड़ने वाला ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनोटिव पॉलिटिक्स (ASAP) चुनावी मैदान में हैं। एबीवीपी आरएसएस से जुड़ा है, एनएसयूआई कांग्रेस से और एएसएपी आम आदमी पार्टी का छात्र संगठन है।

चुनाव नतीजे कल आएंगे

डूसू चुनाव के नतीजे कल यानी 19 सितंबर को आ जाएंगे। इसके बाद तय हो जाएगा कि उपरोक्त दलों में से किसके हाथ में दिल्ली विश्वविद्यालय की 'सत्ता' हाथ में आएगी।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Similar News