Rape Case: दिल्ली में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म, फर्जी आर्मी लेफ्टिनेंट बनकर युवक ने किया रेप

Delhi Rape Case: दिल्ली में एक महिला डॉक्टर से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने खुद को आर्मी लेफ्टिनेंट बताकर महिला को झांसे में लिया। जानें पूरा मामला...

Updated On 2025-10-27 14:11:00 IST

दिल्ली में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Delhi Rape Case: दिल्ली में एक बार फिर महिलाओं के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। राजधानी के छतरपुर के रहने वाले एक युवक पर अस्पताल में तैनात महिला डॉक्टर से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि युवक ने पीड़ित डॉक्टर से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती की थी। आरोप है कि युवक ने खुद को भारतीय सेना का लेफ्टिनेंट बताकर महिला डॉक्टर को झांसे में लिया।

महिला को झांसे में लेने के बाद आरोपी ने उसका रेप किया। पीड़ित महिला डॉक्टर सफदरजंग अस्पताल में काम करती है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी की पहचान आरव के रूप में की गई है, जो डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है। वह खुद को आर्मी का लेफ्टिनेंट बताकर रौब जमाता था।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, अप्रैल 2025 में आरोपी युवक और पीड़ित डॉक्टर की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। उन दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। इसके बाद उन्होंने एक-दूसरे के व्हाट्सएप नंबर लिए और संपर्क में रहने लगे। आरोपी ने खुद को आर्मी अफसर बताया और कहा कि कश्मीर में उसकी पोस्टिंग है। युवक ने महिला डॉक्टर का भरोसा जीतने के लिए वर्दी में अपनी तस्वीरें भी भेजीं। इसके बाद अक्टूबर 2025 में आरोपी महिला डॉक्टर से मिलने के लिए उसके घर मस्जिद मोठ इलाके में पहुंचा।

आरोप है कि घर में मुलाकात के दौरान आरोपी ने डॉक्टर के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित डॉक्टर जब होश में आई, तब उसे घटना का एहसास हुआ। 16 अक्टूबर को सफदरजंग एंक्लेव थाना में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

पीड़ित महिला डॉक्टर की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस ने छतरपुर इलाके में छापेमारी कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान आरव के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दिल्ली कैंट स्थित एक दुकान से ऑनलाइन भारतीय सेना की वर्दी खरीदी थी। इसकी मदद से उसने महिला डॉक्टर को झांसे में लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News