Delhi Politics: दिल्ली में छठ महापर्व पर राजनीति, यमुना प्रदूषण पर आमने-सामने बीजेपी-आप

Delhi Politics: दिल्ली में छठ महापर्व से पहले यमुना नदी के प्रदूषण पर राजनीति हो रही है। बीजेपी और आम आदमी पार्टी आमने-सामने हैं। आप नेता ने सीएम को यमुना का पानी पीने की चुनौती दी है।

Updated On 2025-10-25 17:04:00 IST

यमुना का पानी लेकर सीएम रेखा के घर पहुंचे सौरभ भारद्वाज।

Delhi Politics: दिल्ली में छठ महापर्व से पहले यमुना नदी के प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने-सामने हैं। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि यमुना का पानी नहाने योग्य नहीं है। इसमें मलीय-पदार्थ की मात्रा खतरनाक स्तर पर है। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) की 9 अक्टूबर की लैब रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि आईटीओ जैसे मुख्य घाटों पर फीकल कॉलीफॉर्म की मात्रा मानकों से तीन गुना ज्यादा है। उन्होंने सीएम रेखा को चुनौती दी है कि वे यमुना का पानी पीकर दिखाएं।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'अगर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को लगता है कि यमुना का पानी साफ हो गया है, तो वो वजीराबाद से लिए गए पानी के सैंपल को पीकर दिखाएं, नहीं तो गरीब पूर्वांचलियों को गुमराह करना बंद कर दें।' सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर छठव्रतियों के बच्चे इस दूषित पानी का इस्तेमाल करेंगे, तो वे बीमार पड़ सकते हैं। वहीं इसके बाद सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा और प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ यमुना का पानी एक बोतल में लेकर सीएम रेखा के आवास पर पहुंचे।

वहीं दिल्ली सरकार के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बिरला मंदिर छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सांसद बांसुरी स्वराज भी थीं। सौरभ भारद्वाज के आरोपों पर प्रवेश वर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, 'पहले की सरकार त्योहारों को लेकर राजनीति करती थी। लेकिन हमने हजारों छठ घाट बनाए हैं। इनका पूरा खर्च दिल्ली सरकार उठा रही है।'

प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति का सैंपल 9 अक्टूबर को लिया गया था। अब का पानी तब से काफी बेहतर है। छठ घाटों पर आने वाली महिलाएं कह रही हैं कि यमुना का पानी पहले से काफी साफ है। हमने कभी नहीं कहा कि हम 7 महीने में यमुना पूरी तरह से साफ कर देंगे। हमने ईमानदारी से काम कर रहे हैं, जिसके परिणाम दिख रहे हैं। हम कुछ सालों में यमुना को साफ कर देंगे।

Tags:    

Similar News