Delhi Weather-Rain 14 June: दिल्ली में गर्मी-उमस-आंधी के साथ गिरेंगी 'राहत की बूंदें', मानसून की डेट जारी
Delhi Weather-Rain 14 June: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी ने लोगों को पेरशान कर रखा है। हालांकि आज गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि आज दिल्ली-एनसीआर में आंधी के साथ बारिश हो सकती है।
Delhi Weather-Rain 14 June: दिल्ली-एनसीआर के लोग गर्मी और उमस के रौद्र रूप से परेशान हैं। इस बीच उनके लिए एक राहतभरी खबर आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी के अलग-अलग क्षेत्रों में शनिवार (14 जून) को आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार लगातार उच्च तापमान और भारी ह्यमिडिटी के चलते मौसम में बदलाव होने की संभावना बलवती हो गई है।
मौसम विभाग ने 14 जून से अगले 6 दिन तक एनसीआर में तेज रफ्तार वाली हवाओं के साथ ही राहत की बूंदें पड़ने की भविष्यवाणी की है। इसके साथ ही भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में मानसून के आगमन की तारीख भी बता दी है। विभाग के पूर्वानुमान के हिसाब से मानसून इस सप्ताह पुनः गति पकड़ेगा और यह 25 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत तक पहुंच जाएगा। एक वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, दिल्ली में मानसून 22 या 23 जून तक पहुंच सकता है, जबकि सामान्यतः इसकी तिथि 27 जून होती है।
अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। हालांकि और जोर पकड़ने पर कुछ समय के लिए यह 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 15 जून को भी दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो बीच-बीच में 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी जा सकती है। अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
16 से 19 जून तक दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। साथ ही गरज और चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान गताया गया है। इन दिनों अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
कब तक दिल्ली पहुंचेगा मानसून?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। यह अगले 10 दिन में दिल्ली पहुंच सकता है। इस बार मानसून सामान्य तिथि से पहले 25 जून तक ही दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों तक पहुंच सकता है। बता दें कि मानसून ने 24 मई को केरल में दस्तक दी थी। वहीं 22-23 जून से दिल्ली में मानसून आने की उम्मीद है। आमतौर पर दिल्ली में मानसून 27 जून तक आता है।
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने मजबूत निम्न दबाव क्षेत्रों की वजह से मानसून ने तेज़ी से 29 मई तक मुंबई सहित मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों और पूरे पूर्वोत्तर भारत में पहुंच गया। हालांकि, 28-29 मई के बाद से 10-11 जून तक मानसून की गति लगभग थम सी गई थी। अब यह पुनः सक्रिय हो गया है।
जून की शुरुआत में बारिश की कमी के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली। वहीं 8 और 9 जून से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में लू जैसी स्थिति बन गई।
आईएमडी ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि 18 जून तक मानसून मध्य और पूर्वी भारत के शेष हिस्सों तथा उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ क्षेत्रों में पहुंच जाएगा। इसके बाद 19 से 25 जून के बीच यह उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय हो सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के आगमन की तारीख का वर्षा पर सीधा असर नहीं पड़ता। किसी क्षेत्र में मानसून जल्दी या देर से आने का मतलब यह नहीं है कि पूरे देश में ऐसा ही होगा। मानसून की प्रगति कई जटिल वैश्विक, क्षेत्रीय और स्थानीय कारकों पर निर्भर करती है।
बता दें कि आईएमडी ने मई में अनुमान लगाया था कि इस साल जून से सितंबर के बीच देश में औसतन 106% वर्षा हो सकती है, जो दीर्घकालिक औसत 87 सेंटीमीटर से अधिक है। सामान्य वर्षा उस स्थिति को कहा जाता है जब यह दीर्घकालिक औसत के 96% से 104% के बीच हो।