Delhi Fire: मायापुरी की फैक्ट्री में लगी आग, सुरक्षित बाहर निकले 50 कर्मचारी
Delhi Fire: दिल्ली के मायापुरी इलाके में पानी के वाल्व बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई। इस दौरान फैक्ट्री में लगभग 50 कर्मचारी मौजूद थे, जो सुरक्षित बाहर निकल आए।
नोएडा की कंपनी में आग (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Delhi Fire: पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी इलाके में आग लगने की खबर सामने आई है। मायापुरी की एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद धुएं का भयंकर गुबार निकला। इससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारी डर कर इधर-उधर भागने लगे। बता दें कि हादसे के दौरान फैक्ट्री के अंदर लगभग 50 कर्मचारी मौजूद थे। वे जल्दी-जल्दी फैक्ट्री से बाहर निकले और आनन-फानन में पुलिस और फायर टीम को जानकारी दी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
बता दें कि ये घटना सी ब्लॉक इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित पानी के वाल्व बनाने वाली फैक्ट्री में हुई। सबसे पहले फैक्ट्री के फर्स्ट फ्लोर पर आग लगी। देखते-देखते दूसरे फ्लोर तक लपटें पहुंच गईं। हादसे के दौरान फैक्ट्री में करीब 50 कर्मचारी काम कर रहे थे। धुआं देखकर वे अपनी जान बचाने के लिए किसी तरह से बाहर निकले। उन्होंने दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नजदीकी फायर स्टेशनों से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत कार्य शुरू कर दिया। दमकल कर्मियों की तत्परता के कारण आग को फैक्ट्री के दूसरे हिस्सों तक फैलने से रोका गया। अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हालांकि आशंका है कि किसी तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी। इस मामले में जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। जब फैक्ट्री में काम कर रहे लोगों से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि उनकी फैक्ट्री ने उनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी ली और हादसे के वक्त स्टाफ ने मजदूरों को जल्दी से बाहर निकलने में मदद की।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।