Delhi: दिल्ली में रेलवे ट्रैक के पास मिला अज्ञात महिला का शव, हत्या का मामला दर्ज
Delhi Crime News: दिल्ली के आदर्श नगर रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में छिपी महिला का लाश पाई गई है। पुलिस को शक है कि महिला को हत्या की गई है।
दिल्ली में रेलवे ट्रैक के पास मिला अज्ञात महिला का शव।
Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली में रेलवे ट्रैक के पास अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर शेड नंबर-2 के पीछे रेलवे ट्रैक के पास महिला का शव पाया गया है। बताया जा रहा है कि महिला की हत्या की गई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, रविवार को सब्जी मंडी थाना में सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक के पास करीब 40 साल की महिला का शव पड़ा हुआ है। उसके कपड़े फटे हुए हैं और शरीर पर चोट के भी निशान दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, महिला को अर्धनग्न अवस्था में पाया गया। उसके चेहरे और सिर पर बहुत से चोटों के निशान और गहरे घाव थे। पुलिस को शक है कि किसी धारदार हथियार से महिला की हत्या की गई है।
महिला की नहीं हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला की उम्र 40-42 साल तक और हाइट करीब 5 फीट बताई जा रही है। हालांकि अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक संदिग्ध हथियार और महिलाओं व पुरुषों को एक जोड़ी चप्पल बरामद की है। जानकारी के मुताबिक, महिला कूड़ा इकट्ठा करने का काम करती थी। क्राइम और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए।
हत्या का मामला दर्ज
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। महेंद्र पार्क पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संदिग्ध की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। शुरुआत में हत्या का मामला दर्ज किया गया है, लेकिन शव की हालत को देखकर दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होती है, तो मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।