Delhi Weather: दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी सुबह... 3 साल का टूटा रिकॉर्ड, शीतलहर की एंट्री कब?
Delhi Coldest Morning: दिल्ली में रविवार सुबह नवंबर की सबसे ठंडी सुबह थी। इसने पिछले तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे उम्मीद की जा रही है कि शीतलहर जल्दी आ सकती है।
नवंबर में शीत लहर दे सकती है दस्तक
Delhi Coldest Morning: नवंबर में हर एक बीतते दिन के साथ सर्दी बढ़ रही है। सोमवार सुबह दिल्ली में तापमान में काफी गिरावट देखने को मिली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सोमवार यानी 17 नवंबर की सुबह न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। इससे पहले रविवार (16 नवंबर) की सुबह न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया था, जो कि इस सीजन का दूसरा सबसे कम तापमान रहा।
सोमवार की सुबह पिछले सालों के नवंबर महीने की सबसे ठंडी रही। इससे कम तापमान तीन साल पहले नवंबर 2022 में दर्ज किया गया था। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि नवंबर के अंत तक शीतलहर दस्तक दे सकती है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में तापमान और भी गिर सकती है, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है।
कब-कब रहा सबसे कम रहा तापमान?
साल 2011 के बाद से अभी तक दिल्ली में नवंबर के महीने में शीतलहर की शुरुआत नहीं हुई है। इसके बाद से दिल्ली के अंदर नवंबर में शीतलहर की शुरुआत कभी नहीं हुई। रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहा, जो कि सोमवार को लुढ़ककर 8.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले नवंबर 2022 में पारा 7.3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था। वहीं, नवंबर 2023 में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री और नवंबर 2024 में 9.5 डिग्री दर्ज किया गया था।
शीतलहर की घोषणा कब होती है?
आईएमडी के अधिकारी के मुताबिक, शीतलहर की घोषणा तब की जाती है जब मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से कम हो या फिर सामान्य तापमान 4.5 डिग्री कम हो। वहीं जब यह स्थिति लगातार दो दिन तक बनी रहती तो शीत लहर की घोषणा कर दी जाती है।
दिल्ली में कितना रहा एक्यूआई?
वहीं, प्रदूषण की बात करें, तो दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी गंभीर कैटेगरी में पहुंच गया है, जिससे लोगों को सांस लेने में भी तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को दिल्ली में घना धुंध छाया रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सोमवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी एक्यूआई 359 दर्ज किया गया, जो कि 'बहुत खराब' की कैटेगरी में आता है।
दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड एक्शन रिस्पॉन्स प्लान स्टेज-3 लागू होने के बाद भी वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है। सोमवार सुबह दिल्ली के आसमान में घना कोहरा छाया रहा। इसके साथ ही प्रदूषण के धुंध को मोटी परत भी छाई रही, जिससे इमारतें और मुख्य सड़कें मुश्किल से दिखाई दे रही थीं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।