CM Rekha Gupta: सीएम रेखा गुप्ता ने IHBAS का किया दौरा, हालात देख 'आप-कांग्रेस' पर निशाना

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को मानव व्यवहार एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान में व्याप्त खामियों की जानकारी मिली। सीएम ने औचक निरीक्षण किया तो हालात बद से बदतर दिखे।

Updated On 2025-09-10 13:04:00 IST

सीएम रेखा गुप्ता ने आईएचबीएएस का किया औचक निरीक्षण

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मानव व्यवहार एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान (आईएचबीएएस) का आचक औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया, वहीं स्टाफ से भी संस्थान में व्याप्त खामियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संस्थान की बदतर हालत को देखकर न केवल आम आदमी पार्टी बल्कि कांग्रेस पर भी अप्रत्यक्ष निशाना साधा।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आईएचबीएएस केवल हमारे भारत का ही नहीं बल्कि पूरे एशिया का ऐसा सेंटर है, जहां न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का समाधान किया जाता है। यह नॉर्थ एशिया का सबसे एक बड़ा सेंटर है, जहां रोजाना ओपीडी दो हजार से ढाई हजार के आसपास होती है। लेकिन, अफसोस है कि इतनी बड़ी संपत्ति का पिछली सरकारों ने ध्यान ही नहीं दिया। जब मुझे इस अस्पताल के बारे में शिकायतें मिलीं, तो मुझे आज यहां आना पड़ा। मैंने जब यहां की डिटेल्स देखी तो पता चला कि 2012 से यहां कोई एमआरआई मशीन नहीं है। एक भी सीटी स्कैन मशीन नहीं है और एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड के लिए सीमित अवसर हैं, जो कि हमारे लिए दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि हम लगातार अस्पतालों की अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने में लगे हैं। लेकिन आज इतनी बड़ी संपत्ति है, जो न केवल दिल्ली एनसीआर बल्कि देश के बाकी लोगों को भी इलाज देती है, हालत बदतर है। यहां केवल वेंटिलेटर बेड की संख्या महज 10 है। हमें लगता है कि इस संस्थान को नए भवन और नई मशीनों की आवश्यकता है। हम इसी वित्तीय वर्ष में यहां आवश्यक सभी मशीनें उपलब्ध कराएंगे।

'पिछली सरकारें करप्शन की दौड़ में'

सीएम रेखा गुप्ता ने पिछली सरकारों यानी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की पूर्व सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले मरीजों को दवाइयां मिलती हैं, इलाज मिलता है, डॉक्टरों की क्या स्थिति है, यह सब देखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें नई दिशा में दौड़ रही थी। पूरी दुनिया ने उनका करप्शन देखा है। आज बड़ी बड़ी बातें करते हैं, लेकिन धरती पर कहां खड़े हैं, यह नहीं देखते। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस संस्थान में ओपीडी के लिए विशेष सेक्शन बनाया जाएगा। साथ ही, सभी मशीनरों को पूरा करने के साथ ही इस संस्थान को नया भवन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Similar News