Delhi Schools: स्कूलों में मिलेगा क्षेत्रीय भाषाओं का ज्ञान, शुरू होगा स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम!

Delhi Schools: दिल्ली सरकार स्कूलों में क्षेत्रीय भाषाओं को शामिल करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए सीएम रेखा गुप्ता ने मंत्री कपिल मिश्रा के साथ बैठक भी की।

Updated On 2025-07-21 12:00:00 IST

दिल्ली के स्कूल।

Delhi Schools: दिल्ली के सरकारी स्कूलों में क्षेत्रीय भाषाओं को शामिल किया जा सकता है। सीएम रेखा गुप्ता सरकार इस मुद्दे पर विचार कर रही है। इस बारे में खुद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार छात्रों को देशभर की विभिन्न भाषाओं का अध्ययन करने का विकल्प देगी। साथ ही अन्य राज्यों के छात्रों के साथ स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू करेगी।

रविवार को दिल्ली सचिवालय में कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग की समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान सीएम ने मंत्री कपिल मिश्रा के साथ इस मुद्दे पर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग अपने कार्यक्रमों और गतिविधियों का दायरा बढ़ाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस पहल में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए तय स्थानों से आगे ले जाकर आम जनता तक पहुंचाना होगा।

हम सुनिश्चित करेंगे कि अलग-अलग राज्यों के कलाकारों को शामिल कर दिल्ली में क्षेत्रीय उत्सव मनाए जाएं। ऐसा करने से लोगों में इन आयोजनों के लिए रुचि बढ़ेगी। वहीं सीएम रेखा गुप्ता ने ये भी कहा कि दिल्ली के बच्चों को गैर-हिंदी भाषाएं सिखाने की संभावनाओं का पता लगाने की कोशिश की जाएगी। ताकि वे बच्चे भारतीय संस्कृति की पहचान की विविधता को समझ सकें। दिल्ली के बच्चे दूसरे राज्यों की भाषाएं सीखें, ताकि वे उन क्षेत्रों की परंपराओं और संस्कृतियों को बेहतर तरीके से समझ सकें। इस प्रोग्राम के लिए एक डिटेल रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रोग्राम से बच्चों को विभिन्न संस्कृतियों और जीवन शैली से परिचित होने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सिर्फ राजधानी नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक पहचान का प्रतिबिंब है। हम चाहते हैं कि विभिन्न राज्यों की कला और संस्कृति हर गली-मोहल्ले तक पहुंचे और सभी लोग इससे जुड़ाव महसूस करें। 

Tags:    

Similar News