Nand Nagri Flyover: दिल्ली-गाजियाबाद का सफर हुआ आसान, 6 लेन का नंद नगरी फ्लाईओवर शुरू

Nand Nagri Flyover: सीएम रेखा गुप्ता ने नंद नगरी फ्लाईओवर का उद्घाटन किया, जिससे यमुनापार के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। जानें इस फ्लाईओवर के फायदे...

Updated On 2025-09-29 11:09:00 IST

दिल्ली की सीएम ने नंद नगरी फ्लाईओवर का उद्घाटन किया।

Nand Nagri Flyover: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को 6 लेन वाले नंद नगरी फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। यह फ्लाईओवर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी से गगन सिनेमा चौक तक बनाया गया है। इससे गाजियाबाद से दिल्ली आवाजाही करने वाले यमुनापार के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। नंद नगरी फ्लाईओवर को 180 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है, जिसकी लंबाई 1.4 किमी है।

इस फ्लाईओवर के शुरू होने से नंद नगरी और गगन सिनेमा जंक्शन पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और क्षेत्र में आवागमन आसान होगा। इस फ्लाईओवर के शुरू होने से वाहन चालकों का समय और ईंधन दोनों बचेंगे। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का कहना है कि इस फ्लाईओवर से हर दिन लाखों वाहन बिना रुकावट के गुजर सकेंगे। इससे वाहन चालकों का 15 मिनट समय भी बचेगा।

क्या है फ्लाईओवर की खासियत?

दिल्ली का नंद नगरी फ्लाईओवर 1.4 किमी लंबा है, जो सिंगर पिलर पर बनाया गया है। इस फ्लाईओवर के नीचे 6 यूटर्न भी बनाए गए हैं। नंद नगरी फ्लाईओवर के शुरू होने से नंद नगरी के अलावा गोकुलपुरी और भजनपुरा समेत आसपास के इलाकों को फायदा होगा। इसके अलावा गाजियाबाद से दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को भी आसानी होगी। इसके अलावा एक डबल डेकर फ्लाईओवर भी बनकर तैयार हो रहा है, जिसका निर्माण दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन यानी डीएमआरसी द्वारा किया जा रहा है।

ईंधन-समय की होगी बचत

दिल्ली सरकार का दावा है कि इस फ्लाईओवर के बनने से ईंधन की काफी बचत होगी। इस फ्लाईओवर के खुलने से ट्रैफिक न लगने की वजह से हर दिन लगभग 8 लाख रुपये के ईंधन की बचत होगी। इसके अलावा औसतन हर यात्री का 15 मिनट समय भी बचेगा।

यमुनापार को 'देवी' बस की सौगात

फ्लाईओवर के अलावा यमुनापार के लोगों के एक और बड़ी सौगात मिली है। सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली के यमुनापार इलाके में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए देवी बसों की सौगात दी है। सीएम ने रविवार को ईस्ट विनोद नगर डिपो से 300 'देवी' इलेक्ट्रिक ई-बसों को हरी झंडी दिखाई। दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि देवी बस सेवा यमुनापार क्षेत्र में 21 नए रूट शुरू किए गए हैं, जिनमें 625 बस स्टॉप शामिल हैं।

Tags:    

Similar News