CM Rekha Gupta Birthday: 'मेरे गांव में सौगातों की बाढ़ आ गई', 51वें बर्थडे पर बोलीं सीएम रेखा गुप्ता
सीएम रेखा गुप्ता ने आज 51वां जन्मदिन हरियाणा के जुलाना स्थित अपने पैतृक गांव में मनाया। हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने उनके गांव को कई सौगातें दी हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज हरियाणा के जींद जिले के जुलाना स्थित पैतृक गांव नंदगढ़ में अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने सीएम नायब सैनी, डिप्टी स्पीकरण डॉ. कृष्ण मिड्ढा, मंत्री कृष्ण बेदी और विधायक रामकुमार गौतम समेत कई नेताओं की मौजूदगी में मंच पर केक काटा। सीएम नायब सैनी ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया, वहीं विधायक रामकुमार गौतम ने उन्हें कोथली दी।
नंदगढ़ के लिए जो हुआ, अभूतपूर्व
जुलाना की जनता को संबोधित करने के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया से भी बात की। उन्होंने कहा कि हरियाणा मेरी जन्मभूमि है और दिल्ली मेरी कर्मभूमि है। आज का दिन मेरे लिए खास है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के पूरे परिवार ने मुझे बेहद स्नेह दिया है। आज यहां इतनी सारी योजनाओं का उद्घाटन हुआ है। मेरे गांव में भी सौगातों की बाढ़ आ गई है। उन्होंने इतनी अधिक योजनाएं देने के लिए सीएम नायब सैनी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नायब सैनी जी जिस तरह से लगातार हरियाणा को सुंदर बनाने का काम कर रहे हैं, उन्होंने हमारे गांव के लिए भी जो काम किया है, वह भी अभूतपूर्व है।
सीएम नायब सैनी ने नंदगढ़ को दी कई सौगातें
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का जन्म 19 जुलाई 1974 को जुलाना के नंदगढ़ में हुआ था। आज उनका 51वां जन्मदिन है। इस मौके पर नंदगढ़ में बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सीएम नायब सैनी ने उनके जन्मदिन पर नंदगढ़ गांव के विकास के लिए कई घोषणाएं की।
बचपन की कई यादें साझा कीं
इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने नंदगढ़ से जुड़ी बचपन की यादों को साझा किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने जिस तरह से प्यार दिया है, वो कभी भूलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि बचपन में जब दिल्ली गई, उस वक्त यहां परिवार 50 गज के मकान में रहता था। सबने मेहनत कर कारोबार खड़ा किया। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री बनकर जन्मभूमि लौटी हूं। ये पल भावुक करने वाले हैं।
भाई-बहन की जोड़ी धुआं उड़ा देगी
इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने हरियाणवीं अंदाज में भी बेबाक बयान दिया। उन्होंने सीएम नायब सैनी के लिए कहा कि हम दोनों भाई बहन की जोड़ी धुआं उड़ा देगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली वाले कहते हैं कि धुएं से प्रदूषण होता है, लेकिन मैं कहना चाहती हूं कि धुआं प्रदूषण का नहीं विकास का होगा।
सीएम रेखा गुप्ता को देखने उमड़ी भीड़
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने गाड़ी से सनरूफ खोलकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। उनकी एक झलक देखने के लिए महिलाएं छतों पर खड़ी दिखाई दीं। सीएम गुप्ता यह वादा करके गांव से निकली कि जब भी समया मिलेगा, वो यहां आती रहेंगी।
ये भी पढ़ें : सीएम रेखा गुप्ता ने नायब सैनी के साथ किया क्षेत्रीय विकास परियोजनाओं का उद्घाटन