Delhi Politics: अगर यमुना साफ है, तो एक लीटर पानी पिएं... सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी पर साधा निशाना
Delhi Politics: दिल्ली में यमुना नदी के प्रदूषण को लेकर सियासत हो रही है। बीजेपी सरकार कहती है कि यमुना का पानी साफ हो गया है। वहीं आम आदमी पार्टी इसे झूठ बताती है। सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी सरकार को चुनौती दी है।
सौरभ भारद्वाज ने यमुना प्रदूषण को लेकर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा।
Delhi Politics: दिल्ली सरकार छठ पूजा के कारण यमुना की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दे रही है। बीते दिन कालिंदी कुंज के घाट पर पहुंचकर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक वीडियो बनाकर दावा किया कि यमुना नदी पूरी तरह से साफ हो चुकी है। साथ ही दिल्ली के लोगों से अपील की कि वे लोगों की बातों में न आएं। सीएम रेखा गुप्ता ने दावा किया कि यमुना साफ हो रही है। इस बार यहां बिना झाग के महिलाएं खुशी के साथ छठ पर्व मना सकेंगी।
इन दावों पर आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष और पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा दिल्ली सरकार पर सवाल उठाया है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर यमुना सच में साफ हो गई है, तो सीएम रेखा और मंत्री प्रवेश वर्मा चलकर एक लीटर पानी पी लें। तब मैं मान जाऊंगा कि यमुना साफ हो गई है। सौरभ भारद्वाज ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने वीडियो में लिखा कि अगर रेखा गुप्ता और परवेश वर्मा कालिंदी कुंज का एक लीटर पानी पी लें, तो पता चल जाएगा कि यमुना कितनी साफ हुई है।
उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि कैमिकल के छिड़काव से झाग कम होते हैं लेकिन प्रदूषण कम नहीं होता। उन्होंने दिल्ली सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, 'वे थोड़ा लिख पढ़ लें। सौरभ भारद्वाज ने बताया कि आपको समझना होगा कि यमुना में जो फोम बनता है, वो क्यों नहीं बनेगा? क्या आपने कोई नई चीज लगाई है? क्या आपने हरियाणा के साथ कोई समझौता किया है? क्या आपने नजफगढ़ से आने वाले नाले को बंद कर दिया है? ऐस कुछ नहीं हुआ है, तो क्या आपको ऐसा लगता है कि आपकी सरकार होने पर फोम नहीं बनेगा। ऐसा नहीं हो सकता। इतना जरूर है कि आप फोम के ऊपर एंटी फोम एजेंट का छिड़काव कर रहे हैं, जिससे फोम नहीं बनेगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'कुछ दिन पहले सीएम रेखा ने यही किया था। उन्होंने यमुना में वही केमिकल डलवाया, जिसे प्रवेश वर्मा पहले जहर करते थे। आज आपका कहना है कि दिल्ली में आपने प्रदूषण खत्म कर दिया है। आप झूठ मत बोलिए। आप कहिए जिस तरह केजरीवाल फोम हटाने का काम करते थे, ठीक उसी तरह आप भी फोम हटाने के लिए काम कर रहे हैं। अगर आप सच बोल रहे हैं, तो मैं रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा से कहना चाहता हूं कि मआप मेरे साथ चलिए और यमुना का एक लीटर पानी पी लीजिए। इससे मैं मान जाऊंगा कि यमुना नदी साफ हो गई है।'