Artificial Rain: दिल्ली में कृत्रिम बारिश के 'ट्रायल' पर भड़के आप विधायक संजीव झा, पूछे 4 सवाल

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने दावा किया था कि विशेषज्ञों ने बुराड़ी क्षेत्र में क्लाउड सीडिंग का सफल परीक्षण किया है। आप विधायक संजीव झा ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Updated On 2025-10-24 17:35:00 IST

आप विधायक संजीव झा ने कृत्रिम बारिश के दावे पर उठाए सवाल। फोटो क्रेडिट- आप

दिल्ली के बुराड़ी इलाके में शुक्रवार को कथित कृत्रिम बारिश के दावे पर आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने सवाल उठाए हैं। बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने कहा कि अगर सरकार ने वास्तव में क्लाउउ सीडिंग (कृत्रिम बारिश) कराने की प्रक्रिया कर रही है, तो जनता और मीडिया को क्यों नहीं बताया गया। उन्होंने कहा कि जिस इलाके में यह ट्रायल हुआ, उसी क्षेत्र का विधायक हैं, लेकिन उन्हें भी इसकी कोई सूचना नहीं दी।

आप विधायक संजीव झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि क्लाउड सीडिंग वैज्ञानिक प्रक्रिया है, जिसमें रासायनिक पदार्थों का उपयोग होता है। यह सेहत से जुड़ा मामला है, इसलिए सरकार को पहले से लोगों को अलर्ट करना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार रील बनाने में व्यस्त है, लेकिन जनता को जानकारी देने का समय नहीं है। अगर सब कुछ सही है, तो मीडिया और लोगों को बुलाया जाता।

दिल्ली सरकार से पूछे ये सवाल

विधायक संजीव झा ने दिल्ली सरकार से चार अहम सवाल पूछे। उन्होंने पूछा कि यह ट्रायल कब और कहां किया गया। क्लाउट सीडिंग के लिए कौन से रासायन इस्तेमाल हुए। इसका स्वास्थ्य या पर्यावरण पर कोई असर पड़ सकता है। चौथा सवाल पूछा कि जनता को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई।

सीएम रेखा गुप्ता ने किया था ये दावा

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने आज एक्स पर जानकारी दी थी कि राजधानी में कृत्रिम बारिश कराने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। विशेषज्ञों ने बुराड़ी क्षेत्र में क्लाउड सीडिंग का सफल परीक्षण किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 से 30 अक्टूबर के बीच आसमान में बादलों की पर्याप्त उपस्थिति रहने की संभावना है। अगर मौसमी परिस्थितियां ठीक रहीं तो 29 अक्टूबर को दिल्ली में पहली कृत्रिम बारिश होगी। वहीं, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी थी। यहां क्लिक कर पढ़िये संबंधित खबर

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Similar News