15 August: दिल्ली में रंग-बिरंगी पतंगों के रंग में रंगा आसमान, ट्रेंड में बॉलीवुड थीम वाली पतंगें और इलेक्ट्रॉनिक मांझा
15 August: आज 15 अगस्त को पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस को लेकर माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में दिल्ली के लोग जमकर पतंगबाजी कर रहे हैं। हर तरफ रंग-बिरंगी पतंगें नजर आ रही हैं।
दिल्ली-एसीआर में पतंगबाजी।
15 August: आज 15 अगस्त को पूरा देश 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। दिल्ली में भी हर तरफ आजादी का जश्न देखने को मिला। कहीं देशभक्ति गीत, तो कहीं बच्चों के कार्यक्रम लोगों के दिलों को लुभाने वाले रहे। बहुत सी जगहों पर बारिश ने थोड़ा खलल डाला। हालांकि आज मौसम काफी खुशनुमा रहा। उत्सव के रंग हर तरफ बिखरे हुए दिखे। स्वतंत्रता दिवस के खास उत्सव को लोग अपने-अपने अंदाज में अनोखे ढंग से मना रहे हैं।
पुरानी दिल्ली, नई दिल्ली समेत हर तरफ गलियों में रंग-बिरंगे पतंग का बाजार सजा हुआ है। हर उम्र के लोग आजादी के जश्न को आसमान में उड़ान दे रहे हैं। आसमान में रंग-बिरंगी पतंगें नजर आ रही हैं। कहीं बॉलीवुड की थीम वाली तो कहीं तिरंगे की शान में पतंग उड़ रही हैं। किसी के पास हैरी पॉटर, तो किसी के पास सिद्धू मूसेवाला की पतंग देखने को मिली।
बच्चे तो बच्चे बड़े भी रंग-बिरंगी और अतरंगी पतंग की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। दिल्ली के दुकानदारों ने बताया कि इस साल उन्होंने बॉलीवुड थीम, सिद्धू मूसेवाला, हैरी पॉटर और तमाम तरह के बॉलीवुड एक्ट्रेस और तिरंगे वाली हजारों पतंग बेची हैं। इसके अलावा इस साल इलेक्ट्रॉनिक माझा भी बाजारों में छाया हुआ है। इलेक्ट्रॉनिक मांझे की एक चरखी की कीमत 700 रुपए है। इसकी डिमांड सबसे ज्यादा देखने को मिली है। बैटरी से चलने वाला यह मांझा बटन से कंट्रोल किया जाता है और आसानी से टूटता भी नहीं है। इस नए अविष्कार के कारण पतंगबाजों में एक नया उत्साह देखने को मिला।
पुरानी दिल्ली के लोगों ने बताया कि उनका उत्सव सिर्फ पतंगबाजी तक सीमित नहीं है। वे सिर्फ आजादी को याद नहीं करते, बल्कि इसे जीते भी हैं। खुशी गर्व और समुदाय के साथ भारत की आजादी की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए पुरानी परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं।
बता दें कि पुरानी दिल्ली में आजादी के जश्न को और रंगीन बनाने के लिए पतंग बाजी, कविता, क्राफ्ट सेशन आदि का आयोजन किया जा रहा है। ये आयोजन दिल्ली वासियों को स्वतंत्रता के जज्बे से जोड़ने के लिए किया जा रहा है। पुरानी दिल्ली में 16 से 31 अगस्त तक इसका आयोजन होगा। इसका समय शाम 5:00 से 7:00 तक निर्धारित किया गया है।