धर्मांतरण के खिलाफ जगन्नाथ सेना का एक्शन: WRS कॉलोनी पहुंचेंगे विधायक पुरंदर, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

रायपुर जिले की WRS कॉलोनी में धर्मांतरण के खिलाफ जगन्नाथ सेना जागरूकता अभियान चलाएगी। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा भी साथ रहेंगे।

By :  Ck Shukla
Updated On 2025-08-17 12:01:00 IST

प्रेस वार्तालाप में उपस्थित विधायक पुरंदर मिश्रा

रायपुर। धर्मांतरण के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। राजधानी रायपुर की WRS कॉलोनी में लगातार तीन हफ़्तों से धर्मांतरण के खिलाफ लोगों को जागरूक कर रही जगन्नाथ सेना विशेष अभियान के तहत WRS कॉलोनी पहुंचेगी। इस दौरान भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा भी सेना के साथ शामिल होकर लोगों को धर्मांतरण से सावधान करेंगे।

सीएम के विदेश जाने पर कांग्रेस का तंज- क्या वे नहीं जाते
धर्मांतरण विरोधी अभियान के बीच विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा है। विधायक मिश्रा ने मुख्यमंत्री के विदेश प्रवास पर कांग्रेस द्वारा किए गए तंज का जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि, क्या कांग्रेस शासनकाल में मंत्री विदेश नहीं जाते थे। राहुल गांधी और सोनिया गांधी विदेश नहीं जाते क्या? कांग्रेस की मानसिकता अभी भी गुलामी वाली है। गुलामी से उभर जाओ कांग्रेस, देश 15 अगस्त 1947 को आजाद हो चुका है।

उम्र के साथ राहुल गांधी का बचपना बढ़ता जा रहा है- मिश्रा
इसी बिच राहुल गांधी ने आदिवासियों के वन अधिकार पट्टे को लेकर किए गए पोस्ट पर भी विधायक मिश्रा ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी का यह बयान हास्यास्पद है। उम्र के साथ-साथ उनका बचपना बढ़ता जा रहा है। उन्हें मनोपचार केंद्र भेजना चाहिए। राहुल गांधी की बातों को उनकी पार्टी ही गंभीरता से नहीं लेती तो देश-दुनिया कैसे लेगी। पहले उन्हें अपने कार्यकर्ताओं और पार्टी की चिंता करनी चाहिए। कांग्रेस सरकार ने 3 साल तक आदिवासियों को बोगस पट्टे ही दिए थे।

किराए के मकान में चल रहा था धर्मांतरण का खेल
वहीं बिलासपुर से धर्मांतरण का मामला सामने आया था। जहां सरकंडा पुलिस के साथ बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोगों ने बंधवा पारा में चल रहे धर्मांतरण के केंद्र में छापामारी किया है। जहां एक ब्राह्मण समाज की महिला पास्टर संध्या तिवारी 10 से 12 लोगों को प्रार्थनासभा के आड़ में धर्मांतरण का पाठ पढ़ा रही थी।सरकंडा पुलिस ने पास्टर संध्या तिवारी समेत दो और महिलाओं को गिरफ्तार कर धार्मिक सामग्री को जब्त किया है, साथ ही पूछताछ जारी है। बिलासपुर में लगातार प्रार्थना सभा के आड़ में धर्मांतरण का भांडाफोड हो रहा है। पिछले तीन महीने में तो बिलासपुर से करीबन 30 से अधिक मामला सामने आ चुका है। जिसमें रविवार को सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के प्रगति नगर में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के बच्चियां और महिलाएं एक किराए के मकान में चल रहे प्रार्थना सभा के आड़ में धर्मांतरण में बड़ी संख्या में शामिल थीं।

मौके पर पहुंची पुलिस और हिंदू संगठन के लोग
हिंदू संगठन के टास्क फोर्स को इसके भनक लगी तब जाकर इसका भांडाफोड हुआ और सिरगिट्टी पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया। वहीं सोमवार को सरकंडा थाना क्षेत्र के बंधवा पारा के एक किराए के मकान में फिर से धर्मांतरण का कार्य चल रहा था। चंद्रिका बाई सूर्यवंशी के घर एक ब्राह्मण समाज की महिला पास्टर संध्या तिवारी प्रार्थना सभा के आड़ में 10 से 12 महिलाओं का ब्रेन वॉश कर रही थी। इसकी जानकारी लगते ही सरकंडा पुलिस और हिन्दू संगठन के लोग मौके पर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। सरकंडा पुलिस ने घर के अंदर चल रहे प्रार्थनासभा के आड़ में धर्मांतरण के मामले में पास्टर संध्या तिवारी समेत दो अन्य महिलाओं को गिरफ्तार कर पूछताछ में जुटी है।

पुलिस ने मकान को किया सील
गौरतलब है कि, छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण बड़ा मुद्दा बन गया है। बिलासपुर जिले के किराए के मकान में धर्मांतरण का खेल चल रहा था। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मकान को सील कर दिया है। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है।

दबाव बनाकर किया जा रहा धर्मांतरण
जानकारी के अनुसार, प्रगति नगर वार्ड 10 के निवासी सागर सिंह ठाकुर ने थाने में धर्मांतरण की शिकायत दर्ज की। 10 अगस्त को सुबह 9 बजे प्रगति नगर गली नंबर 2 प्रतिमा अल्फ्रेड के मकान में किरायेदार सरस्वती कुर्रे की बेटी संगीता श्रीवास, दामाद पवन श्रीवास अपने अन्य साथी मुकेश हथठेल, एनी रोज के साथ मिलकर मोहल्ले के रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर हिन्दू धर्म के नव युवतियों को बहला-फुसलाकर प्रलोभन देकर, दबाव बनाकर धर्मांतरण किया जा रहा है। प्रार्थना सभा का आयोजन कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया जा रहा हैं।

मकान को सील कर कार्रवाई की गई
सूचना पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और हंगामा किया। मामले में पुलिस ने धारा 299, 353(1)(सी) बीएनएस अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया है। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की मांग पर पुलिस ने मकान को सील कर दिया है। फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। सिरगिट्टी टीआई किशोर केंवट ने बताया कि, प्रार्थना सभा आयोजन कराने वालों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। साथ ही मकान को भी सील करने की कार्रवाई की गई है।

Tags:    

Similar News