केंद्रीय बजट 2026-27: विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ऐतिहासिक बताया, बोले- विजन 2047 के लक्ष्य में निभाएगा अहम भूमिका
विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार 9वीं बार बजट पेश कर रिकॉर्ड बनाया है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
रायपुर। छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार 9वीं बार बजट पेश किया है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इतिहास में यह दूसरी बार है जब रविवार के दिन देश का बजट प्रस्तुत किया गया है।
डॉ. रमन सिंह ने आगे बताया कि इससे पहले वर्ष 1999 में एनडीए सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने रविवार के दिन बजट पेश किया था। उन्होंने आगे कहा कि यह बजट भारत के भविष्य को मजबूत करने वाला है और देश को विजन 2047 के लक्ष्य की ओर ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा।
सीएम साय बोले- बजट में रखा गया सभी का ध्यान
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट भारत के सुनहरे और विकसित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक दस्तावेज है। कर्तव्य भवन में बना हुआ यह पहला बजट है, जिसमें देश के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण को ध्यान में रखते हुए तीन प्रमुख कर्तव्यों-आर्थिक विकास एवं रोजगार वृद्धि, जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति तथा ‘सबका साथ, सबका विकास’ को केंद्र में रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा।