NSUI कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी खबर: अब संगठन में नहीं होंगी नियुक्तियां, संगठन चुनाव की तैयारी शुरू

भारतीय राष्ट्रीय छात्रसंघ में अब नियुक्तियां नहीं होंगी। एनएसयूआई के सभी पद चुनाव के माध्यम से भरे जाएंगे।

Updated On 2025-07-19 12:28:00 IST

File Photo 

रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्रसंघ में अब नियुक्तियां नहीं होंगी। एनएसयूआई के सभी पद चुनाव के माध्यम से भरे जाएंगे। शुक्रवार को हुए एक अहम बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है। ऑनलाइन मोड में हुई इस बैठक में देशभर के 62 राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्यों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ में एनएसयूआई का संगठन चुनाव अंतिम बार 2014 में हुआ था। उक्त चुनाव में आकाश शर्मा प्रदेशाध्यक्ष चुने गए थे।

वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष नीरज पांडेय की नियुक्ति मनोनयन के आधार पर हुई थी। अब मनोनयन पूर्णतः बंद कर दिया जाएगा। प्रदेश स्तर पर महासचिव, सचिव, उपाध्यक्ष सहित जिला स्तर पर जिलाध्यक्ष सहित अन्य सभी पदों के लिए संगठन चुनाव होंगे।

सदस्य ही कर सकेंगे वोट
जो छात्र एनएसयूआई के सदस्य हैं, वे ही संगठन के पदाधिकारी चुनने वोट कर सकेंगे। इसके लिए पहले मेंबरशिप की प्रक्रिया चलेगी। आगामी चुनाव को देखते हुए नई जिम्मेदारियां भी बैठक में बांटी गई। एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव हनी बग्गा को राष्ट्रीय संगठन प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि छग सहित पूरे देश में चुनाव संबंधित प्रक्रिया अगले माह से प्रारंभ कर दी जाएगी। सर्वप्रथम एनएसयूआई के लिए सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसके पश्चात चुनाव संबंधित शेड्यूल जारी होंगे। सूत्रों का कहना है कि एक ही पद को थोक में कई व्यक्तियों को बांटे जाने की प्रथा पर इससे अंकुश लगेगा। कार्यकर्ताओं में लंबे समय से छाई उदासीनता भी चुनाव संबंधित फैसले के बाद खत्म हो सकेगी।

अगस्त से प्रारंभ होगी प्रक्रिया
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने बताया कि, कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है। हमने अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष भी चुनाव के जरिए चुना। छात्र इकाई में भी अब चुनाव के माध्यम से ही पद भरे जाएंगे। छग में अगस्त माह से यह प्रक्रिया प्रारंभ होगी।

Tags:    

Similar News