सावन विशेष: भाटापारा के महाकाल मंदिर में मंगलवार को होगी भस्म आरती
भाटापारा महाकाल मंदिर में 22 जुलाई को सुबह 5 बजे से भस्म आरती, जलाभिषेक और प्रसाद वितरण का भव्य आयोजन होगा।
महाकाल मंदिर में भस्म आरती
तुलसीराम जयसवाल - भाटापारा। छत्तीसगढ़ के भाटापारा नगर पालिका परिषद स्थित महाकाल मंदिर में 22 जुलाई को प्रातः 5 बजे से विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न होगा। कार्यक्रम में भगवान भोलेनाथ की भस्म आरती, जलाभिषेक और प्रसाद वितरण किया जाएगा। यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आस्था से परिपूर्ण रहेगा।
आयोजन की विशेष बात यह है कि, इसे शहर के युवाओं द्वारा शिव भक्ति से ओतप्रोत होकर स्वयं आयोजित किया जा रहा है। युवाओं ने समस्त शिवभक्तों से अपील की है कि, वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान महाकाल की आरती, जलाभिषेक और दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करें।
सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्वरूप में होगा संपन्न
आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि, यह आयोजन पूरी तरह सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्वरूप में संपन्न होगा, जिसमें नगर सहित आसपास के श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। शिवभक्तों से आग्रह है कि, वे समय पर मंदिर पहुंचकर आयोजन की गरिमा बनाए रखें और इस दिव्य अवसर का आध्यात्मिक लाभ उठाएं।