लूटपाट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: तीन साल पहले व्यवसायी के घर की थी लूट, पुलिस ने बिहार से पकड़ा

बलरामपुर पुलिस ने लंबे समय से फरार नक्सली और लूटपाट के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। 2022 में अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था।

Updated On 2025-07-17 14:23:00 IST

पुलिस की गिरफ्त में लूटपाट का मुख्य आरोपी 

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले की पुलिस को मास्टर माइंड नक्सली को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। जिले के चलगली थाना क्षेत्र में जनवरी 2022 को हुए लुट की घटना को नक्सली आगर साय ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आगर साय को बिहार के रोहतास से पकड़ा है। इस दौरान नक्सली के कब्जे से एक भरमार बंदूक भी जब्त किया गया है। आगर साय रोहतास में पहचान छिपाकर रह रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नक्सली आगर साय पर जिले के विभिन्न थानों में 4 संगीन मामले दर्ज है। इसके साथ ही पड़ोसी जिले सूरजपुर में भी आरोपी के विरुद्ध संगीन मामले दर्ज है। इससे पहले पुलिस ने लूट की घटना के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन पुलिस की गिरफ्त से घटना का मास्टर माइंड बाहर था।

लूटपाट की घटना में था शामिल
मानपुर में 12 जनवरी 2022 की रात कमलेश गुप्ता के घर पर रात में 5 से 6 नकाबपोश लुटेरों ने दबिश दी थी। कट्टे की नोक पर सोने चांदी के जेवरात समेत 20 लाख की लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस घटना ने पुलिस की नींद हराम कर दी थी। तत्कालीन पुलिस अधिकारियों ने मानपुर गांव में डेरा डाला था। जिसके बाद सफलता मिली थी।

10 हजार का था इनाम
उस समय सात आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया था लेकिन मुख्य आरोपी आगर साय फरार हो गया था। जिसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने आगर साय पर 10 हजार का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस कभी नक्सली संगठन का हिस्सा रहे आगर साय की कुंडली खंगाल रही थी। इसी बीच पुलिस को लीड मिली और उसे बिहार के रोहतास से गिरफ्तार किया।

Tags:    

Similar News