पूर्व डिप्टी सीएम के घर में चोरी: 15 किलो वजनी हाथी की मूर्ति उठा ले गए चोर, CCTV में कैद हुई घटना

छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के कोठीघर परिसर से चोरों ने पोर्च पर लगी 15 किलो वजनी हाथी की मूर्ति चोरी कर लिया।

By :  Ck Shukla
Updated On 2025-08-06 15:11:00 IST

पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव के घर में पीतल के हाथी की चोरी

संतोष कश्यप - अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में इन दिनों पुलिसिंग व्यवस्था सवालों के घेरे में है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने आमजन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कभी गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा से चश्मा चोरी होता है, तो कभी महाराणा प्रताप चौक पर स्थापित प्रतिमा से भाला गायब हो जाता है। अब चोरों ने एक और दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है।

ताजा मामला पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के कोठी परिसर का है, जहां से चोरों ने पीतल का बना एक हाथी चोरी कर लिया। जानकारी के अनुसार, कोठी के मुख्य द्वार पर लगभग 15-15 किलो वजनी दो पीतल के हाथी लगाए गए थे। इनमें से एक हाथी को चोर उठा ले गए।



चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
यह पूरी घटना कोठी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सिंहदेव के मैनेजर ने कोतवाली थाना में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश में जुट गई है। शहरवासियों का कहना है कि, लगातार हो रही चोरी की घटनाएं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। अब देखना यह होगा कि, पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी खुलासा कर पाती है और चोरों को पकड़ने में सफल होती है।



दिनदहाड़े डेढ़ लाख की चोरी
वहीं बलौदा बाजार जिले में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई थी। पलारी गांव में चोर सोना-चांदी और नगदी समेत महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर ले गए। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि, वे अब दिनदहाड़े भी वारदातों को अंजाम देने से नहीं कतरा रहे। मामला पलारी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार दोपहर करीब 12:00 से 1:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। इस समय घर के सदस्य अपने-अपने काम से बाहर गए हुए थे और बच्चे स्कूल-कॉलेज में थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर, अलमारी को भी तोड़ा और उसमें रखे करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पार कर दिए।

महत्वपूर्ण दस्तावेज भी ले गए चोर
चोर इतने शातिर थे कि उन्होंने केवल आभूषण और नगदी ही नहीं, बल्कि एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड जैसे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी चोरी कर ले लिए। घटना की जानकारी तब मिली जब घर मालिक की पुत्री ने आकर देखा कि, दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर अलमारी तथा तिजोरी के ताले भी क्षतिग्रस्त थी। साथ ही कमरे में कपड़े और सामान बिखरे पड़े थे। इसे देखते हुए उसने अपने पिता को सूचना दी और पुलिस को बुलाया गया। सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से दरवाजों और अलमारी से उंगलियों के निशानों के नमूने लिए गए हैं।

Tags:    

Similar News